मुरादाबाद के मूंढापांडे में गर्भवती की पिटाई, गर्भपात के बाद एसएसपी के टि्वटर हैंडल पर शिकायत, मुकदमा
नशे में धुत ननदोई ने घर में घुसकर एक गर्भवती महिला की इस कदर पिटाई की कि पीड़िता का गर्भपात हो गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। उसे जब थाने से इंसाफ नहीं मिला तो उसने एसएसपी से शिकायत की।
मुरादाबाद, जेएनएन। नशे में धुत ननदोई ने घर में घुसकर एक गर्भवती महिला की इस कदर पिटाई की, कि पीड़िता का गर्भपात हो गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। उसे जब थाने से इंसाफ नहीं मिला, तब शिकायती पत्र पीड़िता में मुरादाबाद एसएसपी के टि्वटर हैंडल पर अपलोड कर दिया। मामला संज्ञान में आते हैं एसएसपी ने आरोपित के खिलाफ अभियोग दर्ज करने का आदेश मूंढापांडे पुलिस को दिया।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव के रहने वाले राजेश पाल की पत्नी पूनम पाल बीते चार माह से गर्भवती थी। तहरीर के मुताबिक चार मई की रात महिला घर पर अकेले थी। तभी उसका ननदोई समरपाल निवासी ग्राम ढक्का नगलिया थाना टांडा रामपुर उसके घर पहुंचा। ननदोई ने अचानक गर्भवती पूनम पर हमला बोल दिया। आरोपित ने लात घूसों से गर्भवती महिला की पिटाई की। महिला की हालत बिगड़ गई। दूसरे दिन पूनम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां अल्ट्रासाउंड कराया गया। तब पता चला कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो चुकी है। महिला का आरोप है कि ननदोई की बहनों ने घर पर आकर गाली गलौज की। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने महिला के मामले से पल्ला झाड़ लिया। पुलिस के बर्ताव से हताश पीड़िता ने मुरादाबाद एसएसपी टि्वटर हैंडल पर शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया। थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।