पंचायत चुनाव के चलते 34 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ पुलिस ने की निरोधात्मक कार्रवाई, शराब माफिया की संपति जब्त

रामपुर जिले में पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पंचायत चुनाव में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो। इसके लिए अब तक 33 हजार 830 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Fri, 26 Mar 2021 07:30 PM (IST) Updated:Fri, 26 Mar 2021 07:30 PM (IST)
पंचायत चुनाव के चलते 34 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ पुलिस ने की निरोधात्मक कार्रवाई, शराब माफिया की संपति जब्त
पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है।

मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर जिले में पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पंचायत चुनाव में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो। इसके लिए अब तक 33 हजार 830 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए हम पहले से ही कार्य कर रहे हैं। आठ मार्च से विशेष अभियान चलाया गया है, जिसके तहत शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब बेंचने और बनाने वाले 69 लोगों को गिरफ्तार किया गया है,जबकि शराब माफिया राजू सक्सेना की 51 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। 293 लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। 32 देसी तमंचे बरामद किए गए हैं, जबकि गैर जमानती वारंट में 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पांच लोग गैंगस्टर एक्ट में जेल भेजे गए हैं। 30 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। तीन इनामी बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 11 हजार 500 लाइसेंसी शस्त्र हैं, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र में सात हजार लाइसेंस हैं। इन्हें चुनाव से पहले जमा कराया जाएगा । अब तक पांच हजार हथियार जमा कराए जा चुके हैं। शहरी क्षेत्र के लोगों और गार्ड की नौकरी करने वालों के शस्त्र जमा नहीं कराए जाएंगे। जिले में पंचायत चुनाव के लिए 898 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 2127 बूथ हैं। 302 मतदान केंद्र सामान्य है, जबकि 240 संवेदनशील, 264 अति संवेदनशील हैं। इस बार संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र भी चयनित किए गए हैं। जिले में ऐसे 92 केंद्र हैं। इन केंद्रों पर चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका है। इसलिए इन्हें इस श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। ज्यादातर मतदान केंद्रों का पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दौरा किया जा चुका है। अब एक बार फिर सभी केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। ग्रामीणों के साथ मीटिंग भी की जाएगी। अगर कहीं शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है तो वहां के लोगों को समझा कर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी