Moradabad Paddy Purchase Center : मुरादाबाद के भोजपुर में जेल से चलेगा धान क्रय केंद्र, जानें क्यों ऐसा कहा जा रहा

Moradabad Paddy Purchase Center भोजपुर के धान क्रय केंद्र की सुखा सिंह को जिम्मेेदारी दी गई थी। लेकिन केंद्र अभी तक खुला नहीं है। केंद्र प्रभारी का कहना है कि मैं तो आरिफ को चार्ज सौंप आया हूं। जबकि आरिफ तो दो दिन से जेल में है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 05:40 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 05:40 PM (IST)
Moradabad Paddy Purchase Center : मुरादाबाद के भोजपुर में जेल से चलेगा धान क्रय केंद्र, जानें क्यों ऐसा कहा जा रहा
केंद्र प्रभारी बोले, मैं तो आरिफ को सौंप आया हूं चार्ज, थानाध्यक्ष ने बताया आरिफ तो जेल में है

मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Paddy Purchase Center :  धान खरीद को लेकर हर साल ही बदनामी होती है। कभी भुगतान के वादे पर सरकार और अफसर खरे नहीं उतरते। तो किसी केंद्र पर निगरानी कराने के बाद भी बिचौलियों का बोलबाला रहता है। भोजपुर की केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड में धान क्रय केंद्र खोला गया है। सुखा सिंह को केंद्र प्रभारी की जिम्मेेदारी दी गई थी। लेकिन, केंद्र अभी तक एक भी दिन नहीं खुला है। केंद्र प्रभारी का कहना है कि मैं तो आरिफ को चार्ज सौंप आया हूं। वही सब देख रहे हैं। छानबीन के दौरान मालूम हुआ कि आरिफ तो दो दिन से जेल में है। केंद्र में इसकी वजह से ताला लटका हुआ है। इससे किसान परेशान घूम रहे हैं।

वर्ष 2021 में धान खरीद के लिए 31 क्रय केंद्र खोले गए हैं। पहली अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होनी थी। लेकिन, भोजपुर की केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड में धान क्रय केंद्र नहीं खुला है। किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। किसान मुहम्मद रफी ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ धान की फसल काटी है। सरकारी क्रय केंद्र पर धान की तोल नहीं होने से फसल खेत में रखी है। मजबूरी में धान कम दामों में आढ़तियों को बेचना पड़ रहा है। ऐसे में फसल बेचकर तो लागत के दाम भी पूरे नहीं हो रहे हैं।

किसान मुहम्मद हनीफ ने बताया कि केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के नाम से भोजपुर में धान क्रय केंद्र बना है। केंद्र पहले ही दिन से नहीं खुला है। जागरण ने किसानों की शिकायत पर केंद्र पर जाकर पड़ताल की। इस दौरान पता लगा कि केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के धान क्रय केंद्र के प्रभारी सुखा सिंह हैं। उसने मोबाइल पर बातचीत हुई। सुखा सिंह ने बताया कि मैं आरिफ को चार्ज सौंप आया हूं। वही सबकुछ देख रहे हैं। मैंने केंद्र को छोड़ दिया है। फारुख ने बताया कि आरिफ उनका भाई है। पुलिस ने एक मुकदमे में दो दिन पहले जेल भेज दिया है।

किसानों की बातः किसान हाजी जिले हसन ने बताया कि भोजपुर में धान की तौल नहीं होने पर उन्होंने अपना 60 क्विंटल धान उत्तराखंड के बाजपुर में बेचा है। इसकी वजह से काफी परेशानी हुई है। किसानों के हित में केंद्र को खुलवा दिया जाए।आफताब पहलवान का कहना है कि भोजपुर में धान खरीद की व्यवस्था अभी शुरू नहीं हो पाई है। सरकारी केंद्र पर तौल शुरू नहीं होने पर फसल खेत में पकी खड़ी है। इसकी वजह से किसान परेशान घूम रहे हैं। 

क्या कहते हैं अधिकारीः केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के सचिव ने बताया कि वह रविवार को भोजपुर गए भी थे। पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। भोजपुर एसओ राशिद अली ने बताया कि आरिफ के खिलाफ पुराने मुकदमे में वारंट थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके दो दिन पहले ही जेल भिजवाया गया है। हमें नहीं पता वह किस संस्था से जुड़ा है। 

chat bot
आपका साथी