Moradabad Weather : अगले तीन द‍िनों तक होगी गलन, मौसम में तेजी के साथ होगा बदलाव

Moradabad Weather जनवरी महीने के अंत में एक बार फ‍िर से मौसम बदल गया है। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई वहीं गलन होने से जगह-जगह अलाव जलते नजर आ रहे थे।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 01:36 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 01:36 PM (IST)
Moradabad Weather : अगले तीन द‍िनों तक होगी गलन, मौसम में तेजी के साथ होगा बदलाव
सुबह से छाई धुंध, जाते-जाते जनवरी फिर कराएगा ठंड का एहसास

मुरादाबाद, जेएनएन। विदा होती जनवरी एक बार फिर से मुरादाबाद के लोगों के लिए कोहरे की चादर लेकर आ गई है। इसका अहसास रविवार से होना शुरू हो गया है। कुछ दिन की राहत के बाद रविवार सुबह से ही धुंध छा गई और आसमान में छाए बादलों के कारण ठंडक भी बढ़ गई, जिस कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव होगा, इसके अलावा दो से तीन दिनों तक तेज हवाओं के कारण गलन रहेगी।

भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीत लहर चलने की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी। इसका असर भी दिखना शुरू हो गया है। रविवार को सुबह-सुबह मौसम में बदलाव हुआ और पारा करीब तीन से चार डिग्री तक गिर गया। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि रविवार को पारा करीब तीन डिग्री तक लुढ़क कर 6.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान में भी कुछ गिरावट हुई और पारा 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निसार अहमद ने बताया कि जनवरी का अंतिम सप्ताह चल रहा है। इस सप्ताह में सर्दी अपना असर फिर से दिखाएगी। उन्होंने आने वाले दो से तीन दिनों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया है।

फरवरी से मिलेगी राहत

भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो फरवरी में लुढ़कते पारे से राहत मिल सकती है। शीतलहर का असर कम होगा और रात का तापमान ऊपर चढ़ना शुरू होगा। वहीं दूसरी ओर रव‍िवार को कई जगहोें पर अलाव जलते हुए नजर आए, सुबह‍ के समय वाहन चालक लाइट जलाकर चलते हुए नजर आए।  

chat bot
आपका साथी