Moradabad Weather : सुबह से ही लोगों को परेशान कर रही गलन, नहीं न‍िकली धूप

Moradabad Weather कुछ द‍िनों की राहत के बाद ठंड फ‍िर से लोगों को सताने लगी है। आज सुबह से ही सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए है। गलन की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। कई जगह अलाव जल रहे हैं।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 03:55 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 03:55 PM (IST)
Moradabad Weather : सुबह से ही लोगों को परेशान कर रही गलन, नहीं न‍िकली धूप
रात में बढ़ी हवाओं की रफ्तार, दिन में हुई गलन

मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Weather। जाते-जाते जनवरी अपने रंग लगातार बदल रही है। कभी धूप राहत दे रही है तो कभी सर्दी लोगों को सता रही है। ऐसे में मौसम वैज्ञानिक से लेकर शहरवासी तक मौसम के इस रुख से हैरान हैं। दो से तीन दिन धूप खिलने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल ली है। देर रात तेज हवाओं के कारण सुबह-सुबह आसमान में बादल छाए रहे। इस कारण सुबह लोगों को ठंडक महसूस होने लगी।

जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 7.2 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार तक दिन में खिली धूप ने लोगों को काफी हद तक राहत दी थी। लेकिन, शाम होते ही हवाओं की रफ्तार बढ़ने लगी और फिजाओं में ठंडक घुल गई। देर रात को तो आलम यह हुआ कि गलन के कारण लोग काफी परेशान हुए। इस गलन का असर शुक्रवार की सुबह-सुबह दिखाई दिया। सुबह से ही सूर्यदेव की दर्शन नहीं हुए और हवाओं के कारण गलन महसूस हुई। खासकर दोपहिया वाहन चलाने वाले कंपकंपाते नजर आए। कई जगह अलाव जलाकर लोग ठंड दूर करते हुए  द‍िखे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भले ही मौसम ने अचानक से रुख बदल लिया हो। लेकिन, आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। निसार अहमद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। इस कारण ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में पारा धीरे-धीरे बढ़ेगा। 

chat bot
आपका साथी