Moradabad Panchayat Election 2021 : प्रत्‍याश‍ियों के ल‍िए वोट मांग रहे मंत्री, सांसद और विधायक, दांव पर लगी प्रतिष्ठा

मतदान के दिन के मैनेजमेंट को लेकर काम शुरू हो गया। मतगणना एजेंट कौन-कौन बनेगा इसे लेकर भी नाम तय हो गए हैं। पंचायत चुनाव भी नेताओं के कद तय करता है। इस चुनाव को विधानसभा 2022 का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 02:55 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 02:55 PM (IST)
Moradabad Panchayat Election 2021 : प्रत्‍याश‍ियों के ल‍िए वोट मांग रहे मंत्री, सांसद और विधायक, दांव पर लगी प्रतिष्ठा
मतदान को छह दिन बाकी, पूरी ताकत झोंकी।

मुरादाबाद, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का रण अब सज गया है। भाजपा, सपा, बसपा, आप और कांग्रेस समेत सभी दलों ने इस छोटे चुनाव में अपने प्रत्याशियों को जिताने की जिम्मेदारी पार्टी के बड़े नेताओं को दी है। इसलिए पंचायती राज मंत्री, सांसद और विधायक अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए दिनरात वोट मांग रहेे हैं। घर-घर जाकर चुनाव चिह्र के बारे में बता रहे हैं।

मतदान के दिन के मैनेजमेंट को लेकर काम शुरू हो गया। मतगणना एजेंट कौन-कौन बनेगा, इसे लेकर भी नाम तय हो गए हैं। पंचायत चुनाव भी नेताओं के कद तय करता है। इस चुनाव को विधानसभा 2022 का सेमीफाइनल माना जा रहा है। चुनाव की हार-जीत आगामी विधानसभा चुनाव का आधार होगी। जिला पंचायत के कई वार्डों पर इस छोटे चुनाव में बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। जिला पंचायत के वार्ड 23 पर कुंदरकी विधायक हाजी मुहम्मद रिजवान की पुत्रवधू सबा परवीन और बिलारी विधायक फहीम इरफान के बड़े भाई वसीम इरफान की पत्नी शबनम जहां मैदान में हैं। पार्टी के बड़े नेताओं की लाख कोशिशों के बाद भी दोनों विधायकों में से कोई सीट छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। अब दोनों की इस सीट पर प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। बसपा और अन्य दलों के भी यहां प्रत्याशी उतारे हैं। उन्हें भी कम आंका नहीं जा सकता है। दोनों ही विधायक चुनाव चिह्र मिलने के बाद और अधिक सक्रिय हो गए हैं। वह घर-घर जाकर चुनाव चिह्र के बारे में बता रहे हैं। पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह की पत्नी तो चुनाव मैदान में नहीं हैं। लेकिन, भाजपा में उनका बड़ा कद है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान भी ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। उन पर भी भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर पार्टी को मजबूत करने का जिम्मा है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की नेता डॉ. सैफाली सिंह जिला पंचायत के वार्ड 21 से चुनाव मैदान में हैं। पार्टी के साथ उनकी अपनी ही प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पूर्व विधायक मुहम्मद उल्ला खां के परिवार में उनकी बेटी समेत दो प्रत्याशी मैदान में हैं। छजलैट ब्लाक में प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी का गांव है। उन पर जिले के साथ पूरे प्रदेश में पार्टी का परचम लहराने की जिम्मेदारी है। कुंदरकी विधानसभा से चुनाव लड़े भाजपा नेता रामवीर सिंह की पत्नी संतोष देवी वार्ड-31 से चुनाव मैदान में हैं। वह भी पत्नी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं। इसके अलावा भी भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के कई नेता चुनाव मैदान में हैं। पंचायत चुनाव में चार पदों के लिए मतदान होने को अब छह दिन बाकी हैं। सातवें दिन मतदान होना है। मतदाताओं को ही इस पर मुहर लगानी है कि उन्हें कौन पसंद है।

यह भी पढ़ें :-

युवती से दुष्‍कर्म के बाद बोला आरोप‍ित-क‍िसी को बताया तो जान से मार दूंगा, मैं क‍िसी से डरता नहीं

दो बाल‍िकाओं के माच‍िस के खेल में झोपड़ी में लगी आग, ज‍िंंदा जल गया नौ महीने का मासूम

Amroha Panchayat Election 2021 : बीडीसी प्रत्‍याशी कढ़ाई स‍िंबल का करती रहीं प्रचार, बैलेट पेपर में न‍िशान न‍िकला अंगूठी

chat bot
आपका साथी