Moradabad Municipal Corporation : शहर में नाला सफाई पर तकरार, नगर निगम की सख्ती पर हंगामा

Moradabad Municipal Corporation मानसून दस्‍तक दे चुका है और शहर के नाले गंदगी और कीचड़ से अटे पड़े हैं। सफाई अभियान में लोग खुद ही रोड़ा बन रहे हैं। जल्दी-जल्दी सफाई के चक्कर में नगर निगम ने सख्ती दिखाई ।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 01:27 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 01:27 PM (IST)
Moradabad Municipal Corporation : शहर में नाला सफाई पर तकरार, नगर निगम की सख्ती पर हंगामा
शिकायत मिलने पर शहर विधायक अपनी टीम के साथ पहुंचे।

मुरादाबाद, जेएनएन। मानसून दस्‍तक दे चुका है और शहर के नाले गंदगी और कीचड़ से अटे पड़े हैं। सफाई अभियान में लोग खुद ही रोड़ा बन रहे हैं। जल्दी-जल्दी सफाई के चक्कर में नगर निगम ने सख्ती दिखाई । ईदगाह क्षेत्र में नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। काम रुकवाने के लिए नगर निगम की टीम घेराव करने के साथ ही हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान दुकानों के आगे रैंप तोड़े जाने पर व्यापारियों ने नगर निगम की टीम पर व्यापारियों से बदसलूकी का आरोप लगाया।

नगर विधायक रितेश गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसे लेकर काफी देर नाले की सफाई का काम ठप रहा। बाद में किसी तरह सुलह होने पर सफाई अभियान शुरू हुआ। बरसात से शहर में जलभराव की समस्या न रहे, इसके लिए नगर निगम नालों की सफाई करा रहा है। निगम का दावा है कि अभियान के तहत 232 नालों में से 204 की सफाई हो चुकी है। नगर निगम की टीम अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह और इंजीनियरिंग विभाग के मुख्य अभियंता एके राजपूत के नेतृत्व में नाला सफाई अभियान के तहत ईदगाह पहुंच गई। यहां निगम की टीम ने नाले की सफाई शुरू की तो लोगों ने विरोध कर दिया। उनका कहना था कि नाला सफाई में पक्षपात हो रहा है। फूल कुमार सर्राफ के निगम की टीम नाले की सफाई करने पहुंची तो हंगामा खड़ा हो गया। सर्राफ ने टीम पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए शहर विधायक से शिकायत कर दी। सूचना मिलते ही शहर विधायक रितेश गुप्ता क्षेत्रीय पार्षद पूनम बंसल के अलावा पार्षद प्रभात सक्सेना, कुलदीप कुमार, बिट्टू शर्मा और पूर्व पार्षद राजीव गुप्ता के साथ मौके पर पहुंच गए। विधायक ने एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए नाला सफाई अभियान का विरोध किया। काम रुकवाने के बाद उन्होंने नगर आयुक्त संजय चौहान से बात की। विधायक ने नगर आयुक्त से टीम के व्यापारियों से अभद्रता करने की शिकायत करने के साथ कहा कि क्षेत्रीय पार्षद काे विश्वास में लेकर नाला सफाई अभियान चले। नगर आयुक्त ने उन्हें सफाई अभियान में किसी भी तरह का भेदभाव न होने देने का आश्वासन दिया। हंगामे के बीच पार्षद अहमद मियां भी पहुंच गए। निगम के अधिकारियों ने मौके पर इकट्ठा सभी लोगों से कहा कि हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है। 

नालों की सफाई होने से ही शहर की जलभराव की समस्या दूर होगी। इसलिए जिन लोगों ने नालों पर अतिक्रमण कर रखा है, वह खुद ही उसे हटा लें। वर्ना नगर निगम की टीम नालों पर अतिक्रमण हटाकर सफाई अभियान चलाएगी। इस दौरान किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।

अनिल कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त

नगर निगम की टीम ने हमारे बेहद करीबी फूल कुमार सर्राफ के बेटों से बदसलूकी कर दी थी। नाला सफाई में भी भेदभाव हो रहा है। शिकायत मिलने पर हम मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त से बात की। इसके बाद अब यह तय हुआ कि पार्षद को साथ में लेकर ही नाला सफाई अभियान चलेगा।

रितेश गुप्ता, नगर विधायक 

chat bot
आपका साथी