Moradabad Coronavirus News : कोरोना से लड़ने के लिए जिला अस्पताल में लगेगा नया ऑक्सीजन प्लांट
जिला अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही बजट की व्यवस्था होने पर ऑक्सीजन प्लांट पर काम शुरू हो सकता है। कोरोना संक्रमित मरीजों की गंभीर हालत होने पर मरीजों को ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत पड़ती है।
मुरादाबाद, जेएनएन। कोरोना के मरीजों के बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही बजट की व्यवस्था होने पर ऑक्सीजन प्लांट पर काम शुरू हो सकता है। इससे काफी हद तक मरीजों को राहत मिल जाएगी।
कोरोना संक्रमित मरीजों की गंभीर हालत होने पर मरीजों को ऑक्सीजन की सबसे अधिक जरूरत पड़ती है। इसलिए प्रशासन ऑक्सीजन की आपूर्ति को लेकर गंभीर है। हालांकि अभी यहां ऐसा कुछ नहीं है कि अभी ऑक्सीजन की कमी पड़ रही हो। लेकिन, फिर भी ऑक्सीजन की व्यवस्था अतिरिक्त की जा रही है। प्रभारी डीएम आनंद वर्धन ने बताया कि जिले के सभी ऑक्सीजन प्लांट की सप्लाई अस्पतालों को दी जा रही है। औद्योगिक इकाइयों को सप्लाई देने पर रोक लगा दी गई है। नए किसी प्लांट को लगाने का कोई आवेदन नहीं आया है। जिला अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट लगाने पर अध्ययन किया जा रहा है। सभी वित्तीय नियमों को देखते हुए देखा जा रहा है इसे कैसे कर सकते हैं ताकि भविष्य के लिए भी एक अच्छी सुविधा मिल सके। इसके अलावा कोठीवाल डेंटल कॉलेज को दूसरा एल टू अस्पताल बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। दूसरा नया एलटू अस्पताल बनने से कोरोना के गंभीर मरीजों का इलाज होना आसान होगा।
लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या
जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को तो संक्रमितों का रिकॉर्ड ही टूट गया। हालात ऐसे ही रहे तो जिले में भी ऑक्सीजन की कमी हो सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अभी से व्यवस्थाएं बनानी शुरू कर दी है।