विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत, पति पर हत्या का आरोप

रतनपुरकलां गांव में गुरुवार को विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 01:01 AM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 01:01 AM (IST)
विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत, पति पर हत्या का आरोप
विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत, पति पर हत्या का आरोप

जागरण संवाददाता, पाकबड़ा : रतनपुरकलां गांव में गुरुवार को विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में घर पर मिला। घटना के बाद ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही मृतका के परिजनों को सूचना दी। मृतका के परिजनों ने मृतका की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर मिलक निवासी छाया की शादी साल 2011 में पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कलां गांव निवासी सतीश के साथ हुई थी। सतीश गांव में ही फोटोग्राफी की दुकान चलाता है। दंपती के दो बेटे हैं। मृतका छाया के चाचा दिनेश ने बताया कि गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे पड़ोसियों ने फोन पर जानकारी दी कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। जब वे घर पहुंचे तब तक छाया के ससुराल वाले घर छोड़कर भाग चुके। करीब दोपहर डेढ़ बजे मृतका के परिवार वालों ने इस पूरी घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर एएसपी के साथ ही थाना प्रभारी पहुंचीं। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। दिनेश ने बताया कि आये दिन छाया के ससुराल वाले आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। करीब छह महीने पहले ननद घर पर आई थी, तो वह भी दहेज की मांग को लेकर छाया के साथ मारपीट पर करने को तैयार हो गई थी। बुधवार की रात को भी पति और पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। गुरुवार की सुबह घर के मेन गेट के पास छत से निकली लोहे की सरिया से छाया का शव लटका हुआ मिला। पड़ोसियों के मुताबिक शव को मृतका के पति सतीश के साथ परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर उतारा, वहीं किसी को सूचना दिए बिना ही सभी सदस्य घर से भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पाकबड़ा थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि देर शाम तक परिवार के सदस्यों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी