नए साल पर भगवान के दर्शनों को मंदिरों में उमड़े भक्त

मुरादाबाद नए साल पर लोगों में नई उमंग और जोश दिखा। इस जोशीले अंदाज में भगवान की चौखट पर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 02 Jan 2021 03:10 AM (IST) Updated:Sat, 02 Jan 2021 03:10 AM (IST)
नए साल पर भगवान के दर्शनों को मंदिरों में उमड़े भक्त
नए साल पर भगवान के दर्शनों को मंदिरों में उमड़े भक्त

मुरादाबाद: नए साल पर लोगों में नई उमंग और जोश दिखा। इस जोशीले अंदाज में भगवान की चौखट पर भी माथा टेका। सुबह घर में एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई देने के बाद मंदिरों में जाकर वर्ष 2021 अच्छी तरह बीतने को प्रार्थना की। मंदिरों में प्रसाद चढ़ाया और अपनों को खिलाया। बच्चे, युवक-युवतियां अपने दोस्त व परिजनों के साथ मंदिर पहुंचे। मंदिरों में नए साल पर भीड़ खूब रही। मेले जैसा नजारा मंदिर परिसर के बाहर दिखाई दिया। गुब्बारे, खिलौने बेचने वालों की आमदनी का जरिया भी नया साल लेकर आया है।

दीनदयाल नगर स्थित साईं मंदिर पर नए साल पर खूब भीड़ रही। आम दिनों में दोपहर 12 बजे तक साईं मंदिर बंद हो जाता है लेकिन, नए साल पर पूरे दिन दर्शनों के लिए खुला रहा। दूर-दराज से आकर लोगों ने मंदिर में साईं की पूजा की। मंदिर में साईं के भजनों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्यद्वार पर गर्म कपड़ों से लिपटे भगवान साईं की मूर्ति के दर्शन हुए तो अंदर गर्भ ग्रह में भी उनके दर्शनों को कतार लगी रही। मंदिर में दीपक जलाए, फूल मालाएं चढ़ाईं। भक्तों के लिए साईं की रसोई भी लगी। इस रसोई से साईं का प्रसाद बांटा गया। मंदिर में जल रही साईं ज्योति से भस्मी भी लोग घर लेकर गए। साईं मंदिर में इस दौरान कोविड-19 के नियमों के तहत थर्मल स्क्रीनिग की गई और हाथ सैनिटाइज करके ही प्रवेश करने दिया गया। रेलवे कालोनी स्थित मनोकामना मंदिर में लोगों ने पूजा-अर्चना की। आम दिनों की अपेक्षा यहां भी भीड़ अधिक रही। यही नहीं नए साल पर गरीबों को लोगों ने दान भी दिया। लालबाग स्थित प्राचीन काली मंदिर, नया मुरादाबाद स्थित महाकालेश्वर धाम में भी साईं की आराधना की गई।

चर्चों में हुई विशेष प्रार्थनाएं, मस्जिदों में मांगी दुआ

नए साल पर मैथोडिस्ट चर्च में भी विशेष प्रार्थना को लोग उमड़े। पादरी ब्रजेश मैंसल ने प्रार्थना कराई और बाइबिल का पाठ सुनाने के बाद प्रभु यीशु मसीह का संदेश सुनाया। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने लोगों के कल्याण के लिए जनम लेकर दबे लोगों का उद्धार किया था। इस मौके पर रोहित मैसी, अजय सिंह समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। चर्च एंथोनी, ओल्ड मैथोडिस्ट चर्च में भी विशेष प्रार्थनाएं हुईं। गुरुद्वारा में भी अरदास लगाने सिख समाज के लोग पहुंचे। वहीं मस्जिदों में नए साल में खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

chat bot
आपका साथी