LIVE Amroha Panchayat Election Voting News : ज‍िले के हसनपुर इलाके में पोलिंग पार्टी पर हमला, मौके पर पहुंचे अधिकारी

LIVE Amroha Panchayat Election Voting News मुरादाबाद मंडल के अमरोहा में आज पंचायत चुनाव के ल‍िए मतदान हो रहा है। ज‍िले में 829 मतदान केंद्र बनाए गए। बूथों पर सुबह से मतदाताओं की लाइन लगी हुई है। न‍िर्धारित समय पर मतदान शुरू हो गया।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 06:32 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 04:35 PM (IST)
LIVE Amroha Panchayat Election Voting News : ज‍िले के हसनपुर इलाके में पोलिंग पार्टी पर हमला, मौके पर पहुंचे अधिकारी
पुलिस फायरिंग की बात से इन्‍कार कर रही है।

मुरादाबाद, जेएनएन। अमरोहा में आज मतदान हो रहा है। ज‍िले के हसनपुर इलाके में पोलिंग पार्टी पर हमला हो गया है। मौके पर अधिकारी पहुंच गए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं ड‍िडौली में बूथ न बदलने से गुस्‍साए ग्रामीणों ने मतदान का बह‍िष्‍कार कर द‍िया। दूसरी ओर रजबपुर के आद नौगावां में गोली चल गई। इससे अफरातफरी मच गई। प्रशासन ने जनपद भर में 829 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1732 बूथ हैं। इसके अलावा 183 संवेदनशील बूथ, 344 अतिसंवेदन व 192 अतिसंवेदनशील बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

LIVE Amroha Panchayat Election Voting News 

हसनपुर के बाईखेड़ा में पोलिंग पार्टी पर हमला हो गया। बूथ संख्या 184 और 185 के पीठासीन अधिकारी और उनकी टीम में शामिल महिलाओं के साथ मारपीट की गई। ग्रामीण बैलट पेपर की एक गड्डी भी लूट कर ले गए। इस दौरान फायरिंग भी हुई है। हालांक‍ि पुलिस फायरिंग की बात से इन्‍कार कर रही है। सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ला और सीओ सतीश चंद्र पांडे समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। 

ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव चुबका में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।  उनका आरोप था कि बार-बार कहने के बाद भी प्रशासन ने गांव में पोलिंग बूथ नहीं बनाया जबकि, दूसरे गांव में बने पोलिंग बूथ पर जाने में ग्रामीण कतराते हैं क्योंकि, वह दो-ढाई किलोमीटर दूर है। विधानसभा चुनाव में गांव में ही पोलिंग बूथ था लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रशासन द्वारा दूर गांव में नहीं बनाया गया।

नोगावां सादात में फायरिंग

रजबपुर के बाद अब नोगावां सादात के गांव ग़ालिबबाड़ा में भी फायरिंग हो गई। मतदान केंद्र से थोड़ी दूरी पर एक के बाद एक पांच फायर किए गए। जिससे हड़कंप मच गया। नोगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव ग़ालिबबाड़ा में मतदान के दौरान मतदान केंद्र से थोड़ी दूरी पर लगभग एक बजे कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक पांच फायर हुए। इस घटना से दहशत फैल गई। मतदान केंद्र पर मौजूद लोग घरों को जाने लगे। पुलिस भी मौके पर आ गई। मतदान रोक दिया गया। चर्चा है कि प्रधान पद के प्रत्याशियों के समर्थकों में यह फायरिंग हुई है। हालांकि पुलिस इसका संबंध मतदान से नहीं बता रही। एसएसआइ रमेश सहरावत ने बताया कि मतदान केंद्र से दूर बाइक सवार युवकों में टक्कर लगने का बाद विवाद हुआ था। उसके बाद फायरिंग हुई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। मतदान शुरू करा दिया गया है। वहीं लोग घटना को चुनावी नजरिए से ही देख रहे हैं।

हसनपुर में लाठीचार्ज 

हसनपुर सर्किल के थाना सैदनगली के गांव झुंडी माफी में स्थित मतदान केंद्र के नजदीक एक मकान पर बैठे लोगों को खदेड़ने करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे ग्रामीण ओमी सिंह जख्मी हो गए। इस दौरान ग्रामीणों व पुलिस में नोकझोंक हुई। बाद में अधिकारियों ने पहुंचकर मामला शांत कर दिया।

बुजुर्ग भी न‍िभा रहे ज‍िम्‍मेदारी 

लोकतंत्र के पर्व में बुजुर्ग भी अपनी ज‍िम्‍मेदारी न‍िभा रहे हैं। कई अपनों के सहारे मतदान करने पहुंचे तो कई खुद ही मतदान करने के ल‍िए आए। कई बुजुर्ग मतदाताओं का हौसला तो देखने लायक था। 

लोकतंत्र के पर्व पर कोरोना को हराने के लिए बूथों पर किए गए इंतजाम धड़ाम होते नजर आए। न तो थर्मल स्क्रीनिंग की मशीन चली और न ही शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है। तैनात पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक का किरदार निभा रहे हैं। गजरौला के गांव तिगरी के प्राथमिक विद्यालय के दोनों बूथों पर आशा मौजूद हैं। लेकिन उनके पास थर्मल स्‍क्रीनिंग की जो मशीन हैं। वो खराब हैं। कोई तापमान कम तो कोई अधिक बता रही है। ऐसे ही गांव मोहरका पट्टी में आशा ज्योति के पास की थर्मल स्क्रीनिंग मशीन बंद हो गई। कमोवेश अधिकांश बूथों पर कोरोना के इंतजामों की व्यवस्थाओं की पोल खुलते हुए नजर आईं। गांव पपसरा खादर में बूथों पर शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा है। मतदाता एक-दूसरे से चिपक कर खड़े हैं। 

मह‍िलाएं न‍िभा रहीं ज‍िम्‍मेदारी

पंचायत चुनाव में अब महिलाओं का वर्चस्व बढ़ने लगा है। बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशी मैदान में हैं तो गांव की सरकार चुनने के लिए महिला मतदाताओं में भी जोश है। महिलाएं सुबह ही घरों से निकलकर बूथों पर वोट डालने पहुंच गईं। महिलाओं के मतदान का यह जज्बा गंगेश्वरी प्राथमिक विद्यालय पर बने बूथ पर नजर आया। दूर तक महिलाओं की लाइन नजर आई।  बता दें कि जनपद की 597 ग्राम पंचायतों में से 200 की कमान महिलाओं के हाथों में रहेगी। यह ग्राम पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित की गईं हैं।

जनपद में बनाए गए बूथों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ लेकिन, मतदाताओं की भीड़ कम ही नजर आई। लेक‍िन ज्यों ज्यों दिन चढ़ता गया त्यों-त्यों मतदाताओं में उत्साह दिखने लगा। सुबह आठ बजे से बूथों पर लंबी लाइन लगनी चालू हो गईं। बुजुर्ग से लेकर युवा तक कतार में वोट डालने के लिए खड़े नजर आए।

सशस्त्र पुलिस बल तैनात

मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल लगाया है। पुलिस के जवानों के अतिरिक्त पीएसी, पीआरडी, होमगार्ड के जवान भी तैनात किए हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान संपन्न कराने के लिए 7341 कर्मचारी लगाए हैं। मतदान शुरू होने के साथ ही जिला अधिकारी उमेश मिश्र व एसपी सुनीति मतदान केंद्रों के भ्रमण पर निकल गई। साथ ही कंट्रोल रूम में आई शिकायतों के निस्तारण संबंधित दिशा-निर्देश दोनों सर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को देते रहे।

चुनाव की स्थिति एक नजर में

ग्राम पंचायतों की संख्या-597

जिला पंचायत के वार्डों की संख्या-27

क्षेत्र पंचायत के वार्डों की संख्या-683

मतदान केंद्रों की संख्या-829

बूथों की संख्या-1732

मतदाताओं की संख्या-10,38,675

संवेदनशील बूथों की संख्या-183

अतिसंवेदनशील बूथों की संख्या-344

अतिसंवेदनशील प्लस बूथों की संख्या 192

वाहनों की संख्या-555

जोनल मजिस्ट्रेट की संख्या-16

सेक्टर मजिस्ट्रेट की संख्या- 108

मतदान कार्मिकों की संख्या-7620

मतपेटियों की संख्या-4400

पीठासीन अधिकारी-1887

निर्वाचन अधिकारी 129

मतगणना अधिकारी 164

ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों की संख्या-6016

जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की संख्या-373

क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की संख्या-3015

ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की संख्या-6249 

chat bot
आपका साथी