Lightning strike in Moradabad : छजलैट में आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत छह झुलसे

Lightning strike in Moradabad मुरादाबाद में सुबह 11 बजे जोरदार बारिश हुई। इस बीच देहात इलाके के छजलैट में आकाशीय ब‍िजली ग‍िरने से छह मजदूर जख्‍मी हो गए। उन्‍हें इलाज के ल‍िए ज‍िला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 04:33 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 04:33 PM (IST)
Lightning strike in Moradabad : छजलैट में आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत छह झुलसे
आकाशीय ब‍िजली ग‍िरने से जख्‍मी मजदूरों को ज‍िला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Lightning strike in Moradabad : छजलैट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से भट्टे पर काम कर रहे, एक दंपती सहित छह मजदूर झुलस गए। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी झुलसे मजदूर बिहार के निवासी हैं।

बिहार के भागलपुर जिले के केलगाह गांव निवासी मजदूर छजलैट थाने के ठीक पीछे स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। भट्ठा उमरी कला निवासी निजामुद्दीन का है। रविवार को सभी मजदूर भट्ठे पर ईंट पाथने का काम कर रहे थे। उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। मजदूर बारिश से बचने के लिए पास की झोपड़ी में जाकर बैठ गए। उसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी। झोपड़ी में बैठे सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरते ही वहां चीख पुकार मच गया। आनन फानन में सूचना मिलते ही 108 नंबर एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से झुलसे मजदूरों को ज़िला अस्पताल पहुंचाया गया। झुलसने वालों में भागलपुर निवासी धर्मा, उसकी पत्नी सोनिया देवी, अशोक कुमार, झालिया कुमारी, राजीव और दिवाकर शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है।

धान क्रय केंद्रों पर आफत : बारिश के बाद जहां शहर में जलभराव हो गया वहीं धान क्रय केंद्रों पर भी लोगों को परेशान‍ियों का सामना करना पड़ा। सम्‍भल में धान क्रय केंद्रों पर बारिश के दौरान धान को बचाना मुश्किल हो गया। क‍िसी तरह त‍िरपाल आदि से ढंककर सुरक्ष‍ित क‍िया गया। वहीं केंद्र पर धान लेकर आए क‍िसानों को भी आनन-फानन में त‍िरपाल से वाहन को ढंकना पड़ा। थोड़ी देर की ही बारिश में पूरे क्रय केंद्र पर कीचड़ की कीचड़ हो गया। वहीं ज‍िन क‍िसानों के धान की फसल कट चुकी थी, उन्‍हें ज्‍यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है। 

कल भी हो सकती है बारिश : मौसम व‍िभाग के अनुसार कल भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, एक दो बार बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहने वाला है। ल‍िहाजा क्रय केंद्र पर आने वाले क‍िसानों को धान को ढंकने की पूरी व्‍यवस्‍था के साथ आने की जरूरत है। ज‍िससे उन्‍हें परेशानी का सामना न करना पड़े। 

chat bot
आपका साथी