UP Assembly Election 2022 : सपा-रालोद के गठबंधन से जानिये मुरादाबाद में कैसे बदलेंगे सियासी समीकरण, किस सीट पर किसका रहेगा दावा

UP Assembly Election 2022 समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन की घोषणा के बाद मुरादाबाद मंडल के सियासी समीकरण बदल सकते हैं। मंडल के चार जिलों की 19 सीटों में से कई पर रालोद का मजबूत दावा है। कांठ सीट रालोद के खाते में जाने की संभावना है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Wed, 24 Nov 2021 07:43 AM (IST) Updated:Wed, 24 Nov 2021 02:25 PM (IST)
UP Assembly Election 2022 : सपा-रालोद के गठबंधन से जानिये मुरादाबाद में कैसे बदलेंगे सियासी समीकरण, किस सीट पर किसका रहेगा दावा
मुरादाबाद के मंडल की 19 सीटों में भी कई पर रालोद का दावा

मुरादाबाद, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 : समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन की घोषणा के बाद मुरादाबाद मंडल के सियासी समीकरण बदल सकते हैं। मंडल के चार जिलों की 19 विधानसभा सीटों में से कई पर रालोद का मजबूत दावा है। मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट रालोद के खाते में जाने की संभावना है। रालोद के टिकट पर वही प्रत्याशी चुनाव लड़े, जिसे सपा लड़ाने की तैयारी कर रही थी।

मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को लखनऊ स्थित आवास पर बुलाकर गठबंधन का घोषणा कर दी है। लेकिन, अभी यह तय नहीं हुआ है कि रालोद कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सपा-रालोद गठबंधन की घोषणा के बाद पश्चिमी यूपी की सियासत को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर सबसे अधिक बात हो रही है। कांठ विधानसभा क्षेत्र में रालोद प्रमुख जयंत की ननिहाल है। इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक हैं, जो जाट समुदाय से आते हैं। जाट और मुस्लिम गठजो़ड़ से मजबूती मिलेगी।

इसलिए रालोद इस सीट पर सबसे मजबूती के साथ दावा कर रही है। इसके अलावा वर्तमान सपा विधायक की सीट पर रालोद ने दावा ठोक दिया है। ऐसे में उन्हें भी टिकट को लेकर खतरा सताने लगा है। अमरोहा की कई विधानसभा सीटों पर जाट निर्णायक भूमिका में हैं। इसलिए रालोद अमरोहा में भी कई सीटों पर मजबूती के साथ दावा कर रही है। सम्भल की एक सीट पर भी रालोद दावा कर सकती है। ऐसे में कई सपा विधायकों को भी टिकट न मिलने का खतरा सताने लगा है।

राजनीति के जानकारों का कहना है कि सपा-रालोद का गठबंधन पश्चिमी यूपी की सियासत के समीकरण बदलेंगे। मुरादाबाद में रालोद के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी का कहना है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमारे नेता को सम्मान दिया है। गठबंधन फाइनल हो चुका है। सीटों की घोषणा भी जल्द हो जाएगी। इसके लिए सभी को बधाई। रालोद सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़़ेगी और पश्चिमी यूपी से भाजपा का सफाया होगा।

chat bot
आपका साथी