मुरादाबाद में गुलाबबाड़ी श्मशान घाट के पास अवैध रूप से चल रही थोक सब्जी मंडी नगर निगम ने कराई ध्वस्त

Illegally Wholesale Vegetable Market in Moradabad गुलाबबाड़ी में श्मशान घाट के बराबर में अवैध रूप से थोक मंडी के संचालन का मामला सामने आने पर नगर निगम की टीम ने इसे ध्वस्त कर दिया। करीब नौ हजार वर्ग मीटर जमीन गुलाबबाड़ी श्मशान घाट पर है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 02:47 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 02:47 PM (IST)
मुरादाबाद में गुलाबबाड़ी श्मशान घाट के पास अवैध रूप से चल रही थोक सब्जी मंडी नगर निगम ने कराई ध्वस्त
दबंग कर रहे थे अवैध थोक सब्जी मंडी का संचालन। प्रतिकात्मक फोटो

मुरादाबाद, जेएनएन। Illegally Wholesale Vegetable Market in Moradabad : गुलाबबाड़ी में श्मशान घाट के बराबर में अवैध रूप से थोक मंडी के संचालन का मामला सामने आने पर नगर निगम की टीम ने इसे ध्वस्त कर दिया। करीब नौ हजार वर्ग मीटर जमीन गुलाबबाड़ी श्मशान घाट पर है। जिसमें तीन हजार वर्ग मीटर में पक्के चबूतरे बनाकर अवैध रूप से थोक की सब्जी मंडी संचालित हो रही थी। करीब एक साल से यह मंडी चल रही थी। लेकिन, नगर निगम को इसकी कानों कान खबर नहीं हुई। शिकायत के बाद नगर निगम प्रशासन की आंखें खुली तो खुली की खुली रह गईं।

देहरी मुस्तकम में गाटा संख्या 259 में पिछले महीने एसडीएम, तहसीलदार, नगर निगम के संपत्ति अफसरों ने जांच की थी। जिसमें पैमाइश के दौरान यह जमीन नगर निगम की पाई गई। मंगलवार को नगर निगम व तहसील के अफसरों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर से सब्जी मंडी को ध्वस्त किया गया। इस अवैध सब्जी मंडी के संचालन के लिए एक कमरा भी बनाया गया था। इसे भी ध्वस्त कर दिया। इसकी एवज में अवैध रूप से वसूली की जा रही थी। मंगलवार को प्रवर्तन दल व बुलडोजर दस्ते के साथ संपत्ति विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग मौके पर आ गए।

जिन्होंने विरोध किया, जबकि इस अवैध मंडी का संचालन करने वाले दबंग सामने नहीं आए। संपत्ति प्रभारी राजीव लोचन, केशव विश्नोई, मयंक चौधरी, सतीश समेत संपत्ति बाबू धीरेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गुलाबबाड़ी श्मशान घाट पर अवैध रूप से थोक मंडी का संचालन हो रहा था। इसकी शिकायत के बाद पैमाइश कराई गई थी। जांच में जमीन नगर निगम की पाए जाने पर अवैध थोक मंडी को ध्वस्त कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी