किसान पोर्टल पर हेल्पडेस्क ऑप्शन बनेगा मददगार, अब किसान खुद कर सकेंगे गलतियां ठीक
सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए उसे कहीं चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब आवेदन के दौरान गलती होने पर उसे फिर से किसान खुद ही ठीक कर सकते हैं। इसके लिये पीएम किसान योजना पोर्टल पर हेल्पडेस्क ऑप्शन खोल दिया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए उसे कहीं चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब आवेदन के दौरान गलती होने पर उसे फिर से किसान खुद ही ठीक कर सकते हैं। इसके लिये पीएम किसान योजना पोर्टल पर हेल्पडेस्क ऑप्शन खोल दिया है। वेबसाइट पर जाने के बाद किसान आधार कार्ड नंबर के जरिए अपना खाता खोल सकता है। इसके लिए वह किसी कैफे संचालक की भी मदद ले सकते हैं।
उप निदेशक कृषि सीएल यादव ने बताया कि यह व्यवस्था उन किसानों के लिए हुई है, जिनके आवेदन में गलतियां हो जाती हैं। इसके बाद उन्हें सही कराने के लिए वह दफ्तरों के चक्कर काटते रहते थे। इसके लिए pmkisan.gov.in लिंक पर जाकर हेल्प डेस्क ऑप्शन खोलना होगा। इसके बाद अपना अपना आधार कार्ड या खाता संख्या और पंजीकरण में अंकित मोबाइल नंबर दर्ज करके अपना विवरण खोल सकते हैं। इस ऑप्शन से खाता संख्या गलत है तो ठीक हो जाएगा। किस्त नहीं आने के बारे में पूरी जानकारी किसान को मिल सकती है। ट्रांजक्शन फेल होने के बाद में पता लग जाएगा। जेंडर गलत है तो सही किया जा सकता है। आधार नंबर को भी सही करके दोबारा लिख सकते हैं। इससे किसानों को होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी। इसके लिए किसी को कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। किसान खुद अपने मोबाइल पर भी ऑप्शन खोलकर गलतियों को सुधार सकते हैं। अपने आस पास के कैफे में जाकर भी गलतियों को सुधारा जा सकता है। किसी किसान को इसके बाद भी परेशानी होती है तो वह ढक्का स्थित उनके कार्यालय में आकर सीधे अपनी समस्या बता सकता है।