मुरादाबाद में कांग्रेस नेता के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग, प्रदेश सच‍िव से पूछताछ

रैली के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग से अगवानपुर में दहशत। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण। मामले में कांग्रेस नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 08:12 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 08:12 AM (IST)
मुरादाबाद में कांग्रेस नेता के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग, प्रदेश सच‍िव से पूछताछ
सिविल लाइंस पुलिस हर्ष फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी है।

मुरादाबाद, जेएनएन। Harsh firing in the birthday of Congress State Secretary। युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव दानिश सैफी के जन्मदिन के मौके पर उनके कार्यकर्ताओं ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे अगवानपुर नगर पंचायत में अफरातफरी मच गई। हर्ष फायरिंग की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदेश सच‍िव से पूछताछ की। सिविल लाइंस पुलिस हर्ष फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी है।

कांग्रेस नेता की ही तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी हो रही है। अगवानपुर निवासी युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव दानिश सैफी का शनिवार को जन्मदिन था। इस मौके पर उनके करीबियों ने घर से लेकर अगवानपुर बाईपास रोड स्थित एक बैंक्वेट हाॅॅल तक बाइक रैली निकाली। इस दौरान बाइक सवार कुछ युवक हाथ में तमंचा लहराते अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जुलूस के दौरान सरेराह अंधाधुंध फायरिंग से अफरातफरी के हालात खड़े हो गए। इसके बाद कांग्रेस नेता बैंक्वेट हाल पहुंचे और केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। इस बीच किसी ने हर्ष फायरिंग की सूचना अगवानपुर पुलिस चौकी को दे दी। कुछ ही देर में थाना प्रभारी व प्रशिक्षु सीओ दरवेश कुमार भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पूछताछ के लिए पुलिस ने कांग्रेस नेता को हिरासत में ले लिया। पुलिस का रुख सख्त होते ही मौके पर कांग्रेसियों का जमावड़ा शुरू हो गया। तब पुलिस कांग्रेस नेता को साथ लेकर सिविल लाइंस थाने लौट आई।

जन्मदिन के जश्न में हर्ष फायरिंग की पुष्टि हुई है। कुछ फोटोज व तस्वीरें पुलिस के हाथ लगी हैं। इसकी मदद से हर्ष फायरिंग करने वालों की पहचान की जा रही है। इस मामले में कांग्रेस नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

दरवेश कुमार, प्रभारी सिविल लाइंस थाना।

हर्ष फायरिंग करने वालों को मैं नहीं जानता। संभव है कि यह घटना विरोधियों की साजिश का परिणाम हो। पुलिस की जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा।

दानिश सैफी, कांग्रेस नेता

chat bot
आपका साथी