दिल्ली का रास्ता भूला गूगल, हाईवे की जगह अमरोहा शहर से होकर निकल रहे वाहन

Google map forgot the way to Delhi इंसान द्वारा रास्ता भटकने के किस्से तो खूब सुने होंगे लेकिन इस बार गूगल भी रास्ता भूल गया है। मुरादाबाद से दिल्ली को जाने वाले रूट को गूगल ने अमरोहा डायवर्ट कर दिया। गूगल पर हाईवे का रूट नहीं दिखाई दे रहा।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 06:37 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 06:37 PM (IST)
दिल्ली का रास्ता भूला गूगल, हाईवे की जगह अमरोहा शहर से होकर निकल रहे वाहन
गूगल मैप की लोकेशन भी मुरादाबाद से वाया अमरोहा दिखा रहा दिल्ली का रूट।

मुरादाबाद, जेएनएन।Google map forgot the way to Delhi : इंसान द्वारा रास्ता भटकने के किस्से तो खूब सुने होंगे, लेकिन इस बार गूगल भी रास्ता भूल गया है। मुरादाबाद से दिल्ली को जाने वाले रूट को गूगल ने वाया अमरोहा डायवर्ट कर दिया है। गूगल पर हाईवे का रूट नहीं दिखाई दे रहा है। जिसके चलते तमाम कार सवार गूगल मैप के सहारे सफर करते हुए अमरोहा नगर पहुंच रहे हैं। सोमवार को कई कार शहर की आबादी में पहुंच कर रास्ता भटक गई। इससे बाजार में जाम भी लग रहा है।

इन दिनों हाईवे पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। कई जगह हाईवे पर अवरोध भी हैं। जिससे जगह-जगह जाम भी लगा रहता है। मुरादाबाद व आसपास के लोग तो अभी इसी रूट का प्रयोग कर रहे हैं। परंतु दूर-दराज वाले अन्य दूसरे शहरों के आने वाले लोग गूगल मैप के सहारे रास्ता भटक रहे हैं। दरअसल मैप के मुताबिक मुरादाबाद से शुरू हुआ यह नया रूट मुरादाबाद के लोदीपुर, फलेदा ईशापुर, तारूपुर अव्वल होता हुआ कैलसा रोड पर स्थित अमरोहा जनपद के गांव मानकजूड़ी, तेलीपुरा से होता हुआ अमरोहा नगर में पहुंच रहा है।

यहां से रिंग रोड पर स्थित गांव अटेरना, पंडकी, खालकपुर, महेशरा से होकर गजरौला में हाईवे पर पहुंच रहा है। जबकि यह रूट पूरी तरह से जंगल में घिरा हुआ है तथा आवागमन भी कम है। इस मैप के सहारे कार लेकर आने वाले नए लोग अमरोहा नगर में भी फंस रहे हैं। सोमवार को काशीपुर, कानपुर, बरेली के पांच कार सवार परिवार रास्ता भटक कर नगर क्षेत्र में पहुंच गए। जिससे शहर में जाम की स्थिति बनी रही।

गूगल मैप से गायब हुआ यह रूट : गूगल मैप पर पहले मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले रूट पर पहले मंगूपुरा, पाकबड़ा, बागड़पुर, चौधरपुर, डिडौली, जोया व रजबपुर दिखाई दे रहे थे। परंतु अब यह रूट नहीं दिख रहा है। जिसके चलते लोग रास्ता भटक रहे हैं।प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि गूगल मैप के माध्यम से मुरादाबाद की तरफ से दिल्ली जाने वाले तथा वापसी रूट वाले वाहन चालक शहर में पहुंच रहे हैं। बीते तीन दिन से रात को भी लोग रास्ता भटके मिले हैं। वह शहर में पहुंच गए थे। जिन्हें फिर सही रूट बताया गया है। सोमवार को भी ऐसे मामले सामने आए हैं। 

chat bot
आपका साथी