घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ में फंसी रामपुर की गंज पुलिस

रामपुर में घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोप में गंज कोतवाली पुलिस फंस गई है। महिला ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अदालत ने उसके प्रार्थना पत्र पर पुलिस से आख्या मांगी है।

By Sant ShuklaEdited By: Publish:Sun, 28 Mar 2021 08:20 PM (IST) Updated:Sun, 28 Mar 2021 08:20 PM (IST)
घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ में फंसी रामपुर की गंज पुलिस
रामपुर में घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोप में गंज कोतवाली पुलिस फंस गई है।

मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर में घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोप में गंज कोतवाली पुलिस फंस गई है। महिला ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अदालत ने उसके प्रार्थना पत्र पर पुलिस से आख्या मांगी है। पीड़िता गंज कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले की रहने वाली है। उसने अपने अधिवक्ता रेहान खां के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है। कहा है कि वह पर्दानशीन महिला है। घर में वह पति, सास और दो बच्चों के साथ रहती है। पति कारचोब करते हैं। आरोप है कि गंज कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील और अन्य पुलिस कर्मी उसे और उसके पति पर अपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाकर आए दिन परेशान करते हैं। 14 मार्च की शाम जब पति घर पर नहीं थेे। तब हेड कांस्टेबल 10-12 पुलिस कर्मियों को लेकर घर में घुस आए। पुलिस वाले गालियां देते हुए पति को पूछने लगे। बताया कि वह घर पर नहीं हैं और बिना इजाजत घर में घुसने का विरोध जताया तो पुलिस कर्मियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। धक्का मारकर नीचे गिरा दिया और दुपट्टा खींच लिया। सास ने विरोध किया तो उन्हें भी अभद्रता करके चुप करा दिया। इसके बाद पुलिस कर्मी महिला को जबरन जीप में डालकर थाने ले गए। तब मुहल्ले के लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना ली। बाद में पति और रिश्तेदार थाने छुड़ाने आए तो पुलिस वालों ने मोबाइल में बनी घटना की वीडियो डिलीट कराने की शर्त पर छोड़ा। हालांकि मुहल्ले के एक व्यक्ति के घर पर लगे सीसी कैमरे में रिकार्डिंग हाे गई। पुलिस कर्मियों को जानकारी हुई तो वे वहां जाकर रिकार्डिंग को भी नष्ट कर दिया। महिला ने इस घटना की शिकायत मुख्यमंत्री से लेकर महिला आयोग, आइजी और एसपी से की। कार्रवाई न होने पर अदालत की शरण ली। अधिवक्ता ने बताया कि अदालत अब इस मामले में 14 अप्रैल को सुनवाई करेगी।

chat bot
आपका साथी