Indian Railway तलाश में जुटा कि बापू ने कब-कब की थी ट्रेन से यात्रा, जानें गांधी जयंती पर क्या विशेष करने जा रहा रेलवे

Gandhi Jayanti 2021 रेलवे इस बार गांधी जयंती के अवसर कुछ विशेष करने जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ट्रेन से किस मंडल में कब पहुंचे थे उसकी जानकारी रेल प्रशासन जुटा रहा। इसके लिए स्टेशन मास्टर की डायरी खंगाली जा रही है।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 05:21 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 08:12 PM (IST)
Indian Railway तलाश में जुटा कि बापू ने कब-कब की थी ट्रेन से यात्रा, जानें गांधी जयंती पर क्या विशेष करने जा रहा रेलवे
उत्तर रेलवे मुख्यालय ने सभी रेल मंडल से मांगी जानकारी संभावना के आधार पर रिकार्ड खोजने में जुटे अधिकारी।

मुरादाबाद, जेएनएन। Gandhi Jayanti 2021 : रेलवे इस बार गांधी जयंती के अवसर कुछ विशेष करने जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ट्रेन से किस मंडल में कब पहुंचे थे, उसकी जानकारी रेल प्रशासन जुटा रहा। इसके लिए स्टेशन मास्टर की डायरी खंगाली जा रही है। उत्तर रेलवे मुख्यालय की ओर से सभी रेल मंडलों से इस बाबत जानकारी मांगी गई है, जिसके बाद अधिकारी जानकारी जुटाने में जुट गए हैं।

रेलवे गांधी जयंती के अवसर पर स्टेशनों व कालोनियों की सफाई का विशेष अभियान चलाएगा। इसके साथ ही गांधी जी के रेल सफर के इतिहास को भी आम लोगों को बताने की योजना है। आजादी के पहले अधिकांश आंदोलनकारी ट्रेनें से सफर करते थे, लेकिन अंग्रेज इसको रिकार्ड में नहीं रखते थे। महात्मा गांधी के कुछ ट्रेन यात्रा की जानकारी तो है, लेकिन अधिकांश यात्रा के बारे में जानकारी नहीं है।

अंग्रेजी हुकूमत के समय रेलवे स्टेशन मास्टर अधिक भीड़ होने जैसे मामले को डायरी में दर्ज किया करते थे।इसी डायरी के जरिये गांधी जी के ट्रेन के सफर की संभावित जानकारी अधिकारी जुटाने में लग गए हैं। इसके बाबत सोमवार सुबह उत्तर रेलवे मुख्यालय ने सभी रेल मंडल के अधिकारियों से उनके मंडल में ट्रेन द्वारा महात्मा गांधी कब पहुंचे थे, इसकी सूचना शीघ्र भेजने को कहा है। मंडल रेल प्रशासन ने इसकी जानकारी करने के लिए मंडल के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) को लगाया है। सीएमआइ पहले स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी करने का प्रयास किया।

इसमें केवल यह पता चल पाया कि महात्मा गांधी किस शहर में कब आए थे। महात्मा गांधी ट्रेन से या सड़क मार्ग से आए थे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। वर्ष 1920 से 1921 के बीच तीन बार महात्मा गांधी मुरादाबाद आए थे। इसी तरह से वर्ष 1915 से 1917 तक हरिद्वार व ऋषिकेश कई बार आए थे। मंडल ने इन शहरों में आने वाली तारीख के आधार पर स्टेशन मास्टर डायरी की जांच शुरू कर दी है, जिससे महात्मा गांधी के ट्रेन से आने की जानकारी मिल सके। मंडल वाणिज्य प्रबंधक गौरव दीक्षित ने बताया कि रेल मंडल में ट्रेन द्वारा महात्मा गांधी कब आए थे, उत्तर रेलवे मुख्यालय द्वारा सूचना मांगी गई है।इसके बारे में जानकारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी