मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पेश होगा रामपुर का चलता फिरता कोल्ड स्टोर, सरकार से म‍िल सकता है अनुदान

FPO Moving Cold Store रामपुर में एक इंजीनियर ने चलते फ‍िरते कोल्‍ड स्‍टोर का न‍िर्माण क‍िया है। इस कोल्‍ड स्‍टोर को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कंटेनर में बना यह कोल्ड स्‍टोर ट्रैक्टर से चलता है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 12:17 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 12:17 PM (IST)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पेश होगा रामपुर का चलता फिरता कोल्ड स्टोर, सरकार से म‍िल सकता है अनुदान
कोल्ड स्टोर की छत पर पांच केवी का सोलर पैनल लगा है।

मुरादाबाद [मुस्लेमीन]। FPO Moving Cold Store : कृषक उत्पादक संगठन रामपुर द्वारा बनाए गए चलते फिरते कोल्ड स्टोर की जानकारी मुख्यमंत्री के दरबार तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसे देखने की इच्छा जताई है। इसे अब लखनऊ ले जाया जा रहा है। 26 सितंबर को यह मुख्यमंत्री के सामने पेश होगा। इसके बाद सरकार इस पर अनुदान देने पर भी विचार कर सकती है।

केंद्र सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन पर जोर दे रही है। रामपुर में इंजीनियर अमित वर्मा ने भी एफपीओ बनाया है। वह फूड प्रोसेसिंग पर जोर दे रहे हैं। इसके लिए सोलर कोल्ड स्टोर बना रहे हैं। उन्होंने चलता फिरता कोल्ड स्टोर भी बनाया है। कंटेनर में बना यह कोल्ड स्‍टोर ट्रैक्टर से चलता है। 12 फिट लंबा और 10 फिट चौड़ा है। 10 मीट्रिक टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोर की छत पर पांच केवी का सोलर पैनल लगा है। दो कंप्रेशर लगे हैं। इसमें तापमान नियंत्रित करने के लिए आइसो थर्मल सीट भी लगी है। मौसम खराब होने पर इसे जेनरेटर या बिजली से भी चलाया जा सकेगा। कोल्ड स्टोर में दो क्विंटल क्षमता का सोलर ड्रायर भी लगा है। इससे किसान छह-सात घंटे में दो क्विंटल टमाटर व मिर्च को सुखाकर पाउडर बना सकते हैं। इसमें तीन माह तक फल और सब्जी सुरक्षित रह सकती हैं। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने 29 जुलाई को मुरादाबाद में इसका उद्घाटन किया। अब दूसरे किसान भी इसके लिए आर्डर दे रहे हैं। इस कोल्ड स्टोर से संबंधित समाचार दैनिक जागरण ने प्रमुखता से छापे हैं। अमित बताते हैं कि दैनिक जागरण में प्रकाशित समाचारों के जरिये इसकी जानकारी तमाम अफसरों और मुख्यमंत्री तक पहुंची। मंडलायुक्त ने भी इसकी जानकारी शासन तक पहुंचाई।

कृषि मेले में होगा शामिल : अमित बताते हैं कि उनसे कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा और उद्यान विभाग के निदेशक आरके तोमर ने भी बात की है। दोनों से उनकी मुलाकात भी हुई है। उन्हे कोल्ड स्टोर की विशेषताओं के बारे में बताया। निदेशक ने तो इसपर 35 प्रतिशत अनुदान दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही कोल्ड स्टोर को 26 सितंबर को लखनऊ में कृषि मेले में लाने को कहा। उस दिन मुख्यमंत्री इसे देखेंगे। इसके रामपुर से लखनऊ ले जाने के खर्च भी उद्यान विभाग वहन करेगा। 

chat bot
आपका साथी