टूरिस्ट वीजा पर आए पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े, धनबाद रवाना

टूरिस्ट वीजा पर आए पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े धनबाद रवाना।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 03:08 AM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 03:08 AM (IST)
टूरिस्ट वीजा पर आए पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े, धनबाद रवाना
टूरिस्ट वीजा पर आए पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े, धनबाद रवाना

मुरादाबाद, जेएनएन। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने पीलीकोठी चौराहे से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर श्रमिक स्पेशल ट्रेन से धनबाद के लिए रवाना करा दिया। यह बांग्लादेशी लॉकडाउन से पहले अफजलगढ़ बिजनौर में रहने वाले अपने रिश्तेदार से मिलने टूरिस्ट वीजा पर आए थे। यहां लॉकडाउन में फंसने की वजह से घर नहीं जा पाए थे।

रविवार को दोपहर करीब 12 बजे उप निरीक्षक प्रशांत कुमार ने पीलीकोठी चौराहे से मिलन और सुजान निवासी गांव कालागासी, थाना कालोरवा, जिला सतखरिया, बांग्लादेश के अलावा मिलन की पत्नी रफीजा उनका पांच साल का बेटा रूहान और सुजान की पत्नी माफूजा को पकड़ा। उन्होंने पुलिस को अपने पासपोर्ट दिखाए और बताया कि हम लोग लॉकडाउन से पहले अफजलगढ़ में रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां टूरिस्ट वीजा पर आए थे, लॉकडाउन में वहीं फंसकर रह गए। अब अपने घर वापस जाना चाहते हैं। पता चला है कि मुरादाबाद से धनबाद के लिए ट्रेन जा रही है। हमारा वीजा खत्म होने में अभी ग्यारह दिन बाकी हैं। इस बीच हम वहां से अपने घर चले जाएंगे। रेलवे स्टेशन गए थे लेकिन, वहां यह कहकर लौटा दिया गया कि प्रशासन की अनुमति के बिना ट्रेन में सवार नहीं हो सकते हैं। विदेशी नागरिक होने की सूचना से पुलिस के आला अधिकारी अलर्ट हो गए। उन्होंने तुरंत ही पांचों को एसएस चिल्ड्रेन स्कूल स्थित क्वारंटाइन सेटर भिजवा दिया। खुफिया विभाग की टीम भी उनके बारे में छानबीन करने पहुंच गई। बांग्लादेशी दूतावास से उनके बारे में जानकारी जुटाई गई। छानबीन में यही पता लगा कि वे सही बता रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइंस दीपक भूकर ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर पांचों को धनबाद (झारखंड) के लिए रवाना कर दिया गया। वहां से वह अपने देश लौट जाएंगे। पुलिस के पकड़ते ही सहम गया था बच्चा

पुलिस के पकड़ते ही बांग्लादेशी नागरिक मिलन का बेटा सहम गया था। वह एकदम अपनी मां के आंचल में छुप गया। मां ने समझाया तो उसे राहत मिली। दारोगा ने समझाया कि बच्चे कुछ नहीं होगा। तुम गलत तरीके से भारत नहीं आए हो, घबराने की जरूरत नहीं। कोरोना की वजह से सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस का मकसद किसी को परेशान करना नहीं है। एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रेन में बैठते ही बांग्लादेशी बोले शुक्रिया

श्रमिक स्पेशन ट्रेन में सवार होते ही बांग्लादेशी नागरिकों ने मुरादाबाद की पुलिस और प्रशासन का शुक्रिया अदा किया। पुलिस के मुताबिक मिलन का कहना था कि हम ट्रेन में सवार होने के लिए परमीशन लेने की बात सुनकर परेशान हो गए थे लेकिन, प्रशासन ने बाद में हमारे जाने का इंतजाम कर दिया। इसके लिए हम मुरादाबाद प्रशासन के शुक्रगुजार हैं।

chat bot
आपका साथी