मुरादाबाद में बिजली ठेकेदार की कार पर फायरिंग, तीन पर मुकदमा दर्ज

Moradabad Majhola UP मझोला थाना क्षेत्र के युवक ने कार पर हमले का लगाया आरोप। दिल्ली रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई घटना। गोली कार के शीशे को चीरते हुए पार हो गई। सूचना मिलने पर मझोला थानाध्यक्ष के साथ अन्य पुलिस कर्मी पहुंच गए।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 10:15 AM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 10:15 AM (IST)
मुरादाबाद में बिजली ठेकेदार की कार पर फायरिंग, तीन पर मुकदमा दर्ज
तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

मुरादाबाद, जेएनएन। मझोला थाना क्षेत्र में कार सवार लोगों पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। छर्रे लगने से कार का शीशा टूट गया। हालांकि, इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन गोली चलने की सूचना पर मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार चालक की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर निवासी पंकज कुमार पेशे से अधिवक्ता हैंं। इसके साथ ही वह हाइडिल में ठेकेदारी का भी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम करीब पौने आठ बजे मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने कार में वह अपने दोस्त विनय कश्यप के साथ बैठकर बात कर रहे थे। तभी अचानक वहां पर उमेश, देवपाल और केदार आ गए। उन्होंने गाली-गलौज करने के साथ ही उन पर फायर कर दिया। किसी तरह वह बच गए, जबकि गोली कार के शीशे को चीरते हुए पार हो गई। सूचना मिलने पर मझोला थानाध्यक्ष अजयपाल के साथ अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित पंकज कुमार से घटना की जानकारी मांगी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

एक साल बाद रिपीट हुआ क्राइम सीन

मझोला थाना क्षेत्र में गोली चलने की घटना के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने अनुसार दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका है। एक साल पहले आरोपित पक्ष केदार ने पीड़ित पक्ष पर ठीक इसी तरह का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाए थे कि 13 जनवरी 2020 को रात करीब पौने नौ बजे पंकज और उनके साथियों पर लाइसेंसी रिवाल्वर से हमला करने का आरोप लगाते हुए मझोला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में पुलिस चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। वहीं, ठीक एक साल बाद उसी तारीख पर पंकज ने केदार और उनके साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। घटना का पूरा रिक्रिएशन हुआ है। लेकिन चोट किसी को नहीं पहुंची।

दिल्ली रोड में गोली चलने की सूचना मिली थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। दोनों पक्षों में पूर्व में भी विवाद होने की जानकारी मिली है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

अनिल कुमार यादव, एएसपी, सिविल लाइंस

chat bot
आपका साथी