महिला श्रमिक हेल्पलाइन नंबर1090 पर करें शोषण की शिकायत, उत्पीड़न पर होगी कार्रवाई
उप श्रमायुक्त वंदना ने कहा कि पंजीकृत निर्माण महिला श्रमिकों को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी होने चाहिए। यदि किसी महिला श्रमिक का शोषण होता है तो हेल्पलाइन नंबर 181 और 1090 पर बताए। इसमें बिल्कुल हिचकिचाने की जरूरत नहीं है।
मुरादाबाद, जेएनएन। उप श्रमायुक्त वंदना ने कहा कि पंजीकृत निर्माण महिला श्रमिकों को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी होनी चाहिए, किसी महिला श्रमिक का शोषण होता है तो हेल्पलाइन नंबर 181 और 1090 पर बताएंं, इसमें बिल्कुल हिचकिचाने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा है कि कोई भी उनका उत्पीड़न नहीं कर सकता है। इसके लिए शिक्षा भी जरूरी है। मैं चाहती हूं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं अपने बच्चों को शिक्षा दिलाएं। जिसे किसी भी प्रकार की दिक्कत हो, सीधे बता सकती हैंं। वह जिला पंचायत परिसर में महिला मिशन शक्ति के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्हें श्रम कानूनों और हितकारी योजनाओं की जानकारी दी जानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं को समानता का अधिकार दिला सकती है। इसलिए अधिक से अधिक महिला श्रमिकों का पंजीकरण कराएं ताकि उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में जागरूकता के साथ 152 निर्माण श्रमिक महिलाओं का पंजीकरण एवं नवीनीकरण भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुरेंद्र सिंह, डॉ. एसपी सिंह, बालेश्वर सिंह ने संयुक्त रूप से किया।