District Panchayat President Election : प्रथम नागरिक की कुर्सी कब्जाने के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत, टूर पर निकले सदस्य
मंडल के रामपुर में प्रथम नागरिक की कुर्सी कब्जाने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस मुहिम में प्रदेश और केंद्र सरकार के मंत्री भी पूरे दमखम से जुटे हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी खुद चुनाव की कमान संभाले हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। मंडल के रामपुर में प्रथम नागरिक की कुर्सी कब्जाने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस मुहिम में प्रदेश और केंद्र सरकार के मंत्री भी पूरे दमखम से जुटे हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी खुद चुनाव की कमान संभाले हैं। वह जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात भी कर रहे हैं, जबकि सूबे के राज्यमंत्री बल्देव औलख सदस्यों के घर-घर जाकर उनसे संपर्क कर रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा और सपा में सीधा मुकाबला है। दोनों ही पार्टियों ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी को प्रत्याशी बनाया है तो सपा ने नसरीन जहां को। जिला पंचायत के कुल 34 सदस्य हैं, जो अध्यक्ष का चयन करेंगे। सपा के 11 और भाजपा के सात सदस्य निर्वाचित हुए हैं। बसपा के तीन और कांग्रेस के एक सदस्य ने चुनाव जीता। इनके अलावा 12 निर्दलीय सदस्य भी विजयी हुए हैं। इनमें अधिकतर सदस्य भाजपा और सपा के खेमें में बंट गए हैं। तीसरे मोर्चें के पांच सदस्य लगातार मीटिंगे कर रहे थे। इनमें भी तीन अलग हो गए हैं। कई सदस्य ऐसे भी हैं, जो बार-बार पाला बदल रहे हैं।
हमारे साथ 20 सदस्य : केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर आए। वह लगातार सदस्यों से संपर्क बनाए हैं। उनका कहना है कि हमारे साथ 20 सदस्य हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति पर काम कर रही है। श्री नकवी और राज्यमंत्री बल्देव औलख चमरौआ में जिला पंचायत सदस्य इम्तियाज हुसैन चिंटू के आवास पर भी पहुंचे।
पहाड़ों की सैर कर रहे सदस्य : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा होते ही सदस्यों की मौज मस्ती शुरू हो गई है। प्रत्याशी उन्हें अपने खेमे में लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। सैर सपाटा भी करा रहे हैं। जिले के एक दर्जन से ज्यादा सदस्य पहाड़ों और दूसरे शहरों की सैर कर रहे हैं। जो सदस्य किसी पार्टी से नहीं जुड़े हैं, उनकी तो मुंह मांगी मुराद पूरी हो रही है। कई सदस्य हरियाणा और पंजाब की सीमा पर मस्ती कर रहे हैं।