मुरादाबाद में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद, फायरिंग में एक घायल, आरोप‍ित गिरफ्तार

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में बुधवार रात एक मकान के सामने गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी थी जिसमें एक युवक घायल हो गया था।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 09:14 AM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 09:14 AM (IST)
मुरादाबाद में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद, फायरिंग में एक घायल, आरोप‍ित गिरफ्तार
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में हुआ था विवाद।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार में बुधवार रात एक मकान के सामने गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल भेजने के साथ ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी वीरेंद्र कुमार और सचिन पांडे पड़ोसी हैं। दोनों युवकों की कार पार्किंग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़ित वीरेंद्र के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात पड़ोस में रहने वाला सचिन पांड़े मकान के दरवाजे के सामने कार खड़ी कर रहा था। उसी दौरान वीरेंद्र ने इसका विरोध किया। नशे में धुत सचिन वीरेंद्र के साथ मारपीट करने गला। इसके बाद तमंचे से फायरिंग कर दी। हवाई फायरिंग करने से कारतूस के छर्रे वीरेंद्र के पेट में घुस गए, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने पीड़ित बेटे के पिता अशोक की तहरीर पर आरोपित सचिन पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की।

मारपीट में 11  गिरफ्तार : रामपुर के स्वार में घर के दरवाजे पर खड़े होकर गाली गलौज करने का विरोध करने पर दो पक्षों में लाठी डंडे चले थे। इसमें दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान किया है। क्षेत्र के ग्राम बब्बरपुरी निवासी रिजवान अली व आले नबी के घर आमने-सामने हैं। आले नबी के घर के लोग रिजवान के दरवाजे पर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे। इसका विरोध करने पर आपस में दोनों भिड़ गए। शोर शराबा सुनकर दोनों ओर के लोग आ गए और जमकर लाठी डंडे एवं हथियार चले थे। इसमें आले नबी, शाकिर, रहमान, समीना, शहनाज व दूसरे पक्ष के रिजवान, शेर मुहम्मद घायल हो गए थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बमुश्किल दोनों पक्षों के लोगों को समझाया था। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराने के साथ ही एक-दूसरे को नामजद कर पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने एक पक्ष के गुलफाम अली, सद्दाम अली, इरफान अली, रिजवान अली, शेर मुहम्मद व दूसरे पक्ष के शाकिर अली, आले नबी, जुबैर अहमद, रहमान अली, सालिम, भूरा को गिरफ्तार कर सभी आरोपितों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।

chat bot
आपका साथी