Dengue in Amroha : डेंगू पीड़ित न्यायिक कर्मी की उपचार के दौरान मौत, मुरादाबाद में चल रहा था उपचार

Dengue in Amroha वर्तमान में जिले में 18 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जबकि बीते डेढ़ महीने में बुखार से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि विभाग द्वारा डेंगू को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 11:06 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 11:06 AM (IST)
Dengue in Amroha : डेंगू पीड़ित न्यायिक कर्मी की उपचार के दौरान मौत, मुरादाबाद में चल रहा था उपचार
शुक्रवार को ही डेंगू की पुष्टि हुई थी।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Dengue in Amroha : अमरोहा के डेंगू पीड़ित न्यायिक कर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पहले बुखार आया था। शुक्रवार को ही डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिले में डेंगू से पहली मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है।

नगर के मुहल्ला भीमनगर कुरैशी निवासी समाजसेवी हरिसिंह मौर्य के बेटे जयभीम मौर्य जनपद कन्नौज के जिला न्यायालय में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थे। इन दिनों वह अपने घर पर आए हुए थे। स्वजन के मुताबिक तीन दिन पहले जयभीम मौर्य को बुखार आया था। पहले तो स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया। प्लेटलेट्स गिरने की शिकायत पर चिकित्सकों ने उनकी एलाइजा जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं कॉसमॉस अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार की सुबह जयभीम मौर्य ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक ने अपने पीछे दो मासूम बच्चे छोड़े हैं। उधर जिले में डेंगू से व्यक्ति की मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। वर्तमान में जिले में 18 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जबकि बीते डेढ़ महीने में बुखार से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि विभाग द्वारा डेंगू को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। बुखार पीड़ितों की एलाइजा जांच कराई जा रही है। 

chat bot
आपका साथी