Congress Pratigya Rally : प्रियंका वाड्रा की रैली में भीड़ जुटाना चुनाैती, पूरी ताकत द‍िखाने के ल‍िए तैयार दावेदार

Congress Pratigya Rally शहर और देहात पूरे जिले से बसों से कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा मुरादाबाद की सभी विधानसभाओं से टिकट मांगने वाले दावेदारों को लक्ष्य दे दिया गया है। टिकट चाहिए तो दावेदारों को भी कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी ताकत का अहसास कराना होगा।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 09:55 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 09:55 AM (IST)
Congress Pratigya Rally : प्रियंका वाड्रा की रैली में भीड़ जुटाना चुनाैती, पूरी ताकत द‍िखाने के ल‍िए तैयार दावेदार
कई बार देखी जा सकी है स्थानीय नेताओं में खींचतान।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Congress Pratigya Rally : दो दिसंबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए आ रहीं हैं। बुद्धि विहार के उसी मैदान में प्रियंका की प्रतिज्ञा रैली होनी है, जहां प्रधानमंत्री चुनावी सभा कर चुके हैं। मैदान बड़ा है इसलिए यहां भीड़ जुटाना कांग्रेस नेताओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। पार्टी के स्थानीय नेताओं के बीच सही तालमेल न होना भी इसकी अहम वजह है।

15 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रियंका वाड्रा को कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने आना था। कार्यक्रम की तैयारी के दौरान ही कांग्रेस के दो नेता भिड़ गए थे। कुछ नेता संगठन के रवैये से खुश नहीं है। हाल ही में जेल गईं कांग्रेस की महिला नेत्री के पति तो संगठन के एक बड़े नेता पर कार्रवाई के लिए अंगुली उठा रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान ने राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम और यूपी के सह प्रभारी धीरज गुर्जर को मुरादाबाद में प्रतिज्ञा रैली की तैयारियों के लिए लगाया गया है। यह दोनों की नेता कई दिन से मुरादाबाद में कैंप कर रहे हैं। संगठन के नेताओं की दूरियां बड़े नेता भी भांप चुके हैं। वह उसी तरीके से नेताओं से अलग-अलग बात कर रहे हैं। सबको जिम्मेदारी देकर सियासी गणित समझाया जा रहा है। कहा गया कि जो कार्यकर्ताओं की भीड़ लाएगा उसका चेहरा प्रतिज्ञा रैली में खुद ही चमकेगा, क्योंकि प्रियंका वाड्रा की टीम भी तो नेताओं की गतिविधियों के बारे में पता करा रही है। कुछ नेताओं को यह भी डर सता रहा है कि कार्यक्रम फ्लाप होने पर कई नेताओं के पर कतरे जाने तय हैं। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद का दावा है कि संगठन की तरफ से कार्यकर्ताओं को रैली स्थल पर लाने के लिए 60 बस लगाई गईं हैं। शहर और देहात पूरे जिले से बसों से कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा मुरादाबाद की सभी विधानसभाओं से टिकट मांगने वाले दावेदारों को लक्ष्य दे दिया गया है। टिकट चाहिए तो दावेदारों को भी कांग्रेस नेताओं के सामने अपनी ताकत का अहसास कराना होगा। प्रदेश संगठन से जुड़े नेताओं का लक्ष्य भी तय हो चुका है।

हेलीकाफ्टर से सीधे प्रतिज्ञा रैली में पहुंचेगी प्रियंका : प्रियंका वाड्रा की दो दिसंबर को होने वाली प्रतिज्ञा रैली की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बैठक की। इस दौरान ब्लाक अध्यक्षों से बसों की मांग लिखित में ली। जिला कमेटी के पदाधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। तौकीर आलम ने बताया कि हमारी नेता प्रियंका वाड्रा दो दिसंबर की रैली में सभा स्थल पर हैलीकाप्टर से सीधे पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा की ससुराल से जाने वाले संदेश को पश्चिमी यूपी के लिए प्रेरणा बताया। भीड़ जुटाने के लिए उन्होंने प्रियंका वाड्रा की प्रतिज्ञाओं का व्यापक प्रचार व प्रचार जनता के बीच इन तीन दिनों के दौरान किए जाने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने उम्मीद से भी अधिक भीड़ जुटाने का आश्वासन दिया। जिला प्रभारी चौधरी सुखराज सिंह, उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुधीर पाठक, अफजल साबरी, इफ्तेखार कुरेशी, शकील चौधरी,  अरविंद चौधरी, गंगाराम शर्मा,मास्टर जाहिद हुसैन, मुशाहिद चौधरी, राहत खां आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी