पश्चिमी यूपी में प्रियंका की राह पर बढ़ रही कांग्रेस, व‍िधानसभा चुनाव के ल‍िए मह‍िलाओं ने शुरू की दावेदारी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विदित चौधरी का कहना है कि हमारी नेता की 40 फीसद टिकट दिए जाने की घोषणा के बाद महिलाओं के लगातार आवेदन आ रहे हैं। पश्चिमी यूपी में ही अब तक 300 से अधिक महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 09:29 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 09:29 AM (IST)
पश्चिमी यूपी में प्रियंका की राह पर बढ़ रही कांग्रेस, व‍िधानसभा चुनाव के ल‍िए मह‍िलाओं ने शुरू की दावेदारी
121 विधानसभा सीटों पर 300 से अधिक महिलाओं ने की दावेदारी।

मुरादाबाद [मोहसिन पाशा]। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के लड़की हूं लड़ सकती हूं, के स्लोगन के साथ महिलाएं भी सियासत में भाग्य आजमाने के लिए आगे आने लगी हैं। प्रियंका वाड्रा के 40 फीसद टिकट महिलाओं को दिए जाने की घोषणा करने के बाद पश्चिमी यूपी की 121 विधानसभा सीटों पर तीन सौ से अधिक महिलाओं ने चुनाव लड़ने के लिए दावा ठोक दिया है। इससे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी करने वाले पुराने कांग्रेसियों के चेहरों पर मायूसी है।

मुरादाबाद की छह विधानसभा सीटों पर 14 महिलाओं ने अब तक दावेदारी की है। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने बताया कि महिलाओं में मुरादाबाद देहात सीट से कांग्रेस नेता महक वारसी और डाॅ. शकील अहमद की पत्नी ने दावा किया है। बिलारी से कल्पना सिंह, ठाकुरद्वारा से वसीम चौधरी की पत्नी टिकट मांग रही हैं। कांठ से कांग्रेस नेता मास्टर जाहिद की बेटी और कुंदरकी से अहसान की बेटी ने टिकट के लिए दावेदारी कर दी है। इनके अलावा भी कई महिलाएं टिकट मांग रही है। अमरोहा की मंडी धनौरा सीट से गीता देवी, हसनपुर सीट से कांग्रेस जिलाध्यक्ष की ओमकार कटारिया की पत्नी दीपा देवी टिकट की दावेदार हैं। नौगावां से कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी की पत्नी आभा चौधरी और पूर्व जिलाध्यक्ष सुखराज सिंह की पत्नी रेखा रानी ने टिकट मांगा है। अमरोहा शहर सीट से कांग्रेस नेता निगहत नकबी ने टिकट के लिए आवेदन किया है। सम्भल शहर सीट से सोभना सैम्युल, असमोली से भारती त्यागी, चन्दौसी से विमलेश ने टिकट के लिए आवेदन किया है। रामपुर जिले में महिलाओं ने टिकट के लिए दावेदारी की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विदित चौधरी का कहना है कि हमारी नेता की 40 फीसद टिकट दिए जाने की घोषणा के बाद महिलाओं के लगातार आवेदन आ रहे हैं। पश्चिमी यूपी में ही अब तक 300 से अधिक महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बताया कि महिलाओं को 40 फीसद टिकट दिए जाने हैं। पश्चिमी यूपी में प्रत्याशियों के स्क्रीनिंग का काम चल रहा है। शनिवार को सहारनपुर और मेरठ मंडल के प्रत्याशियाें की स्क्रीनिंग हुई है। चुनाव लड़ने के योग्य महिलाओं को टिकट देकर मजबूती के साथ लड़ाया जाएगा।

मंच पर स्थान नहीं मिलने से महिला नेता नाराज : मुरादाबाद में प्रियंका वाड्रा की प्रतिज्ञा रैली में युवा कांग्रेस से जुड़ी महिला नेता को मंच पर स्थान नहीं मिला। इसे लेकर महिला नेता ने जिलाध्यक्ष से नाराजगी जताई। कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान की बात कर रही है। लेकिन, हमें मंच तक ही नहीं जाने दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरा नाम भी मंच पर जाने वालों की सूची में शामिल था। लेकिन, ऐन वक्त पर सूची को बदल दिया गया।

chat bot
आपका साथी