स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायतों में लागू होगा सिटीजन चार्टर

मोहसिन पाशा मुरादाबाद मेरी पंचायत मेरा अधिकार जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान के तहत स्वतंत्रत

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 05:10 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 05:11 AM (IST)
स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायतों में लागू होगा सिटीजन चार्टर
स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायतों में लागू होगा सिटीजन चार्टर

मोहसिन पाशा, मुरादाबाद: मेरी पंचायत मेरा अधिकार, जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के दिन ग्राम पंचायतें भी सिटीजन चार्टर लागू करेंगी। शासन ने इसके लिए समय सारिणी तय कर दी है। नई व्यवस्था से ग्राम पंचायतों से सुविधाएं मिलना आसान हो जाएगा। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए समय सीमा तय हो जाएगी। परेशान करने वाले ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

मुरादाबाद में 643 ग्राम पंचायतें हैं। सभी ग्राम पंचायतों में सिटीजन चार्टर लागू होंगे। मेरी पंचायत मेरा अधिकार जन सेवाएं हमारे द्वार अभियान के तहत लागू होने वाले सिटीजन चार्टर ग्राम पंचायतें तैयार कराकर 15 अगस्त को प्रकाशित कराएंगी। सिटीजन चार्टर में पंचायतों के संकल्प और मिशन के अलावा शिकायत निवारण प्रणाली पर फोकस रहेगा। अभी भी तमाम गांव में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल ई-डिस्टिक योजना के तहत दी जा रही है। लेकिन, सिटीजन चार्टर के लागू होने के बाद इन सेवाओं में सुधार होगा। इन सभी प्रमाण पत्रों को देने के लिए समय सीमा तय होगी। इससे ग्रामीणों की समस्याओं का समय से निस्तारण होगा। इतना ही नहीं ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली पर भी इसका अच्छा प्रभाव पड़ेगा। प्रत्येक गांव के लिए अलग-अलग सिटीजन चार्टर तैयार होने हैं। पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान के सहयोग से पंचायतों को सौंपे गए 29 विषयों के अंतर्गत दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं को सम्मिलित कर एवं सतत विकास के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए माडल सिटीजन चार्टर तैयार होगा।

मुरादाबाद में इस तरह तैयार होगा सिटीजन चार्टर निर्धारित समय

ग्राम पंचायतों की बैठकों की समय सारिणी को आनलाइन अपलोड करना 31 जुलाई

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में फैसीलेटर की नियुक्ति एक अगस्त

ग्राम पंचायतों में नियुक्त फैसीलेटरों का प्रशिक्षण दो अगस्त

विभागों में फ्रंट लाइन वर्कर की नियुक्ति करना दो अगस्त

ग्राम पंचायतों की बैठकों का आयोजना करना 12 अगस्त

अनुमोदित सिटीजन चार्टर को प्रकाशित कराना 15 अगस्त शासन ने ग्राम पंचायतों में सिटीजन चार्टर तैयार करने के लिए समय सारिणी तय कर दी है। ग्राम पंचायतों को अलग-अलग सिटीजन चार्टर तैयार करके 15 अगस्त को प्रकाशित कराना है। ग्राम पंचायत से अनुमोदन के बाद सिटीजन चार्टर को लागू कर दिया जाएगा। सिटीजन चार्टर में ग्राम पंचायत के द्वारा नागरिकों को मिलने वाली सभी सुविधाओं को शामिल किया जा रहा है। सिटीजन चार्टर के लागू होने के बाद बहाना करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

-सुनील कुमार सिंह, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी, मुरादाबाद।

chat bot
आपका साथी