CM in Amroha: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- अब प्रदेश में अमरोहा के ढोलक की थाप बज रही

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा के लिए अमरोहा के गांव रझोहा पहुंच गए हैं। यहां पांच हजार लोगों को मंच से संबोधित करेंगे। इसके लिए शारीरिक दूरी नियम का खास ध्यान रखा जाएगा। सभा स्थल पर पांच हजार कुर्सी शारीरिक दूरी नियम के तहत डाली गई हैं।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 01:35 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 05:53 PM (IST)
CM in Amroha: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- अब प्रदेश में अमरोहा के ढोलक की थाप बज रही
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव रझोहा पहुंचे गए है

अमरोहा, जेएनएन। CM in Amroha। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार दोपहर गांव रझोहा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अमरोहा पवित्र भूमि है। यहां के लोगों पर मां गंगा का आर्शीवाद है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने तिगरी मेले को राजकीय मेला की मान्यता दी। चौधरी चरण सिंह महान नेता थे। उनके नाम पर लोगों ने राजनीति की। हसनपुर चीनी मिल का विस्तारीकरण भाजपा सरकार ने कराया। उन्होंने कहा कि स्व. चेतन चौहान ने अमरोहा के विकास के लिए कई सपने देखें थे, अब उनके सपनों को भाजपा सरकार पूरा करेगी। 2017 से पहले अमरोहा से शिकायतें मिलती थीं कि यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं है। अब प्रदेश में अमरोहा के ढोलक की थाप गूंज रही है। अपराधी गायब हैं। पुलिस गुंडों को ठोक रही है। मुजफ्फरनगर और कैराना दंगा आप लोग भूले नहीं होंगे। अब सब सुकून से हैं। पहले गुंडे गरीब की संपत्ति पर कब्जा करते थे, अब माफिया की संपत्ति पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय और वंदेमातरम से संबोधन शुरू करते हुए स्व. चेतन चौहान को श्रद्धांजलि दी। 

उप्र की 24 करोड जनता हमारा परिवार

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र की 24 करोड जनता हमारा परिवार है। इस परिवार के लिए वह कुछ भी करेंगे। कोरोना से उप्र की जनता को बचाने के लिए यमराज से भी भिड़ जाएंगे। कोरोना के सबसे कम रोगी उप्र में है। सरकार की ओर से काेरोना काल में सभी जरूरतमंदों को निश्शुल्क राशन दिया गया। 

मोदी ने बदली देश की राजनीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की राजनीति को बदल दिया है। पहले जातिवाद, वंशवाद की राजनीति होती थी, अब गांव किसान, आम आदमी की राजनीति हो रही है। कांग्रेस के समर्थक पहले उप्र में दंगा कराना चाहते थे, अब केरल चले गए हैं। 

कोरोना ने चेतन जी को छीन लिया

उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक कोरोना की दवाई नहींं बन जाती, तब तक लोग दो गज की दूरी का पालन करें। बोले, काेरोना ने चेतन जी को हमसे छीन लिया। वह रोजाना अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं, ताकि जनता को काेरोना से बचाया जा सके। विकास और सुरक्षा हमारी गारंटी है। 

गंगा एक्सप्रेस वे से छह घंटे में पहुंच जाएंगे प्रयागराज

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अमरोहा के लोगों को सरकार गंगा एक्सप्रेस वे की सौगात दे रही है। इससे छह घंटे में प्रयागराज पहुंचा जा सकेगा। बोले, 1 लाख 37 हजार युवाओं को पुलिस विभाग में नौकरी दी। 20 लाख अन्य विभागाें में नौकरी दी गई है। तीन लाख नौकरियां देने की तैयारी चल रही है। किसान, नौजवान व महिलाओं के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जो ऐसा करेगा उसकी जगह जेल में होगी।  

लोगों से पूछा राम मंदिर को लेकर कोई शिकायत तो नहीं

मुख्यमंत्री ने जनसभा में आए सभी लोगों की मास्क लगाए होने पर तारीफ की। लोगों से पूछा कि उन्हें राम मंदिर निर्माण को लेकर कोई शिकायत तो नहीं है। बोले, कोरोना संक्रमण का खतरा नहीं होता तो सभी को अयोध्या बुलाता। 492 साल बाद यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सौजन्य से यह संभल हो सका। उन्होंने कहा कि जो वादा किया था, वह पूरा किया। आगे भी करते रहेंगे। 

जय श्रीराम के नारे से संबोधन किया समाप्त

मुख्यमंत्री ने जनसभा का संबोधन भारत माता की जय और वंदेमातरम से शुरू किया था। वहीं, संबोधन के अंत में जय श्रीराम के नारे लगवाए। इसके बाद मंच पर मौजूद पदाधिकारियों से मुलाकात कर रवाना हो गए।  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौगावांं सादात विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार दोपहर गांव रझोहा पहुंचे। यहां पांच हजार लोगों को मंच से संबोधित किया। इस दौरान शारीरिक दूरी नियम का खास ध्यान रखा गया। सभा स्थल पर पांच हजार कुर्सी शारीरिक दूरी नियम के तहत डाली गई थी। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। एएसपी, सीओ समेत एक हजार पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए। आइजी रमित शर्मा व एसपी डॉ. विपिन ताडा ने उनके आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। 

chat bot
आपका साथी