बेखौफ बदमाश, मह‍िला दारोगा के गले पर चेन स्‍नेचरों ने मारा झपट्टा, स्कूटी से गिरकर हुईं घायल

मंडल के रामपुर में शहर कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने महिला दारोगा के साथ ही लूट करने का प्रयास किया। स्कूटी पर जा रही दारोगा की चेन लूटने के लिए गले पर झपट्टा मारा। लेकिन वह चेन नहीं पहने हुए थीं। इसपर स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 06:58 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 06:58 AM (IST)
बेखौफ बदमाश, मह‍िला दारोगा के गले पर चेन स्‍नेचरों ने मारा झपट्टा, स्कूटी से गिरकर हुईं घायल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुरादाबाद, जेएनएन। मंडल के रामपुर में शहर कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने महिला दारोगा के साथ ही लूट करने का प्रयास किया। स्कूटी पर जा रही दारोगा की चेन लूटने के लिए गले पर झपट्टा मारा। लेकिन वह चेन नहीं पहने हुए थीं। इसपर स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। इससे दारोगा घायल हो गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला दारोगा पूजा यादव पुलिस लाइन में तैनात हैं। उनके पति हेमराज भी दारोगा हैं और मिलक खानम थाने में तैनात हैं। शाम के समय महिला दारोगा स्कूटी से पुलिस लाइन की ओर जा रहीं थीं। जिला अस्पताल के निकट बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा। हालांक‍ि उन्‍होंने चेन नहीं पहन रखी थी। बदमाशों के स्कूटी में लात मारने से दारोगा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गईं। बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दारोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर उनके पति भी आ गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरादाबाद ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची। हालांकि पुलिस ने घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। महिला दारोगा के पति उप निरीक्षक हेमराज का कहना है कि उन्हाेंने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। पूजा चेन नहीं पहने हुए थीं।  

ग्रामीणों ने क‍िया थाने का घेराव : रामपुर के भंवरका चौकी पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया। साथ ही आरोपित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अनिश्चित कालीन धरने की चेतावनी दी। खानपुर जदीद गांव के लोगों ने घेराव करते हुए आरोप लगाया कि रविवार रात आठ बजे भंवरका चौकी इंचार्ज तथा एक सिपाही एक प्राइवेट वाहन से नशे की हालत में गांव पहुंचे। इस दौरान उन्हें रास्ते में जो भी महिला एवं पुरुष मिले। उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट करने लगे। ग्रामीणों ने जब पुलिस से मारपीट करने की वजह पूछी तो कोई जवाब नहीं दे सके। उल्टे अभद्र व्यवहार करने लगे। पुलिस की बर्बरता से ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों की संख्या बढ़ते देख पुलिस कर्मी मौके से खिसक लिए। इसके बाद ग्रामीण काफी संख्या में इकट्ठे होकर प्रधान के घर पहुंचे। 

chat bot
आपका साथी