मुरादाबाद में नकली नोट लेकर पेट्रोल पंप से डीजल खरीदने पहुंचे जीजा और साला, पुलिस ने क‍िया गिरफ्तार

गिरोह के दो आरोपितों को मूढ़ापांड़े थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपित रिश्ते में जीजा और साले हैं। दोनों के पास से पांच-पांच सौ रुपये के 14 नकली नोट के साथ एक हजार रुपये के दो असली नोट बरामद किए गए हैं।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 02:36 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 02:36 PM (IST)
मुरादाबाद में नकली नोट लेकर पेट्रोल पंप से डीजल खरीदने पहुंचे जीजा और साला, पुलिस ने क‍िया गिरफ्तार
सात हजार रुपये के नकली नोट के साथ दो गिरफ्तार।

मुरादाबाद, जेएनएन। जिले में नकली नोटों को खपाने के लिए एक गिरोह सक्रिय होकर काम कर रहा था। इस गिरोह के दो आरोपितों को मूढ़ापांड़े थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपित रिश्ते में जीजा और साले हैं। दोनों के पास से पांच-पांच सौ रुपये के 14 नकली नोट के साथ एक हजार रुपये के दो असली नोट बरामद किए गए हैं। आरोपित पेट्रोल पंप में नकली नोट देकर डीजल खरीदने गए थे। लेकिन पंप सुपरवाइजर की सक्रियता के चलते उनके नकली नोट पहचान लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास सात हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेजने की कार्रवाई की गई है, जबकि इस गैंग के दो सरगनाओं की पुलिस तलाश में जुटी है।

मूढ़ापांड़े थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि उन्हें मूढ़ापांड़े स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर आयुष कुमार ने तहरीर देकर बताया कि बीते 18 जून को देर शाम उनके पेट्रोल पंप पर विनोद निवासी जगरमपुरा थाना मूढ़ापांड़े व संजय निवासी सूरजनगर थाना पटवई जिला रामपुर आए थे। उन्होंने कार से एक कैन निकालकर 50 लीटर डीजल लिया था। डीजल लेने के बाद आरोपितों ने 4420 रुपये पेट्रोल पंप कर्मी को दिए। लेकिन कर्मचारी ने जब नोट गिनना शुरू किया तो उसे कुछ संदेह हो गया। उसने पंप सुरवाइजर आयुष को बुलाकर नोट चेक करने के लिए कहा। नोट को चेक करने के बाद सुपरवइजर ने भी उन नोटों को नकली करार दे दिया। जिसके बाद दोनों आरोपितों ने दोबारा से जेब में हाथ डालकर दो असली नोट मिलाकर फिर से नकली नोट दे दिए। जिस पर सुपरवाइजर ने फिर नकली नोट को पकड़ लिया। दोबारा नकली नोट की बात कहे जाने के बाद दोनों आरोपित सुपरवाइजर से वाद-विवाद करने लगे। जिसके बाद उसने मशीन में चेक करने की बात कहकर साथ चलने के लिए कहा। जैसे ही सुपरवइजर दफ्तर ओर बढ़ा वैसे ही दोनों आरोपित कार में बैठकर भाग गए। मूढ़ापांड़े पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके तलाश शुरू कर दी। आरोपित जीजा-साले को मूढ़ापांड़े के मनकरा मोड़ के पास से कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके दो साथियों ने सात हजार रुपये के नकली नोट दिए थे। उन्हीं के कहने पर इन नकली नोट को चलाने के लिए वह पेट्रोल पंप में गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही जेल भेजने की कार्रवाई की।

पांच हजार असली के बदले मिले थे सात हजार के नकली नोट : नकली नोट चलाने के मामले में पकड़े गए आरोपित विनोद ने बताया कि उसके साले संजय के दो दोस्तों ने उन्हें पांच-पांच सौ के 14 नकली नोट दिए थे। यह नोट उन्हें 18 जून की शाम को टोल प्लाजा के पास दिए गए। इसके बदले में उनसे पांच हजार रुपये के असली नोट लिए गए थे। इसके साथ ही भागे हुए आरोपितों ने कहा था कि इन नकली नोटों के चलने के बाद उन्हें और नोट भी देने की व्यवस्था कर दी जाएगी।

भागे हुए आरोपितों को पकड़ने में लगी एसओजी टीम : पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि उन्हें कटघर के पीतलबस्ती निवासी पप्पू फौजी के साथ रंजीत नाम के दो युवकों ने नकली नोट दिए थे। यह दोनों विनोद के साले संजय के दोस्त थे। भागे हुए आरोपित कहां से नकली नोट लाए थे, इसकी पकड़े गए आरोपितों के पास कोई जानकारी नहीं है। आरोपितों से पूछताछ के बाद भागे हुए आरोपितों को पकड़ने के लिए एसओजी की दो टीम अलग-अलग जनपदों के लिए रवाना की गई।

नकली नोट के साथ दो आरोपितों को पकड़ा गया है। वहीं भागे हुए दो आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं। जल्द ही भागे हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

महेश कुमार गौतम,सीओ हाईवे

chat bot
आपका साथी