मुरादाबाद में भाजपा नेताओं की हो सकती है गिरफ्तारी, वीडियो से हो रही पहचान, जानें क्या है पूरा मामला

BJP leaders may be arrested in Moradabad भाजपा नेताओं के खिलाफ मझोला थाना प्रभारी की तहरीर पर बलवा और सरकारी सेवक से अभद्रता का मुकदमा दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर की तहरीर पर छह नामजद और 35 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 11:11 AM (IST) Updated:Tue, 12 Oct 2021 11:11 AM (IST)
मुरादाबाद में भाजपा नेताओं की हो सकती है गिरफ्तारी, वीडियो से हो रही पहचान, जानें क्या है पूरा मामला
मझोला थाने में मुचलका में पाबंद करने पर भाजपा नेताओं ने थाने में पहुंचकर किया था हंगामा

मुरादाबाद, जेएनएन। BJP leaders may be arrested in Moradabad : भाजपा नेताओं के खिलाफ मझोला थाना प्रभारी की तहरीर पर बलवा और सरकारी सेवक से अभद्रता का मुकदमा दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर की तहरीर पर छह नामजद और 35 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था। पुलिस इस मामले में अज्ञात लोगों की पहचान वीडियो के माध्यम से कर रही है। विवाद के दौरान जो नेता थाने में मौजूद थे, उनमें कुछ ऐसे चेहरे भी हैं, जो जिले के पदाधिकारी भी हैं। थाना प्रभारी के द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे, भाजपा महानगर जिला महामंत्री दिनेश शीर्षवाल, मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान, युवा मोर्चा महामंत्री गुड्डू सैनी, मंडल अध्यक्ष मंगल सेन और अंकुर नामजद हैं। जबकि, 35 अज्ञात लोगों के नाम हैं। इन अज्ञात की पहचान करने के लिए पुलिस जुट गई है। वहीं पुलिस इस मामले में आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी करने का दावा किया है।

बीते सात सितंबर को मझोला थाने में भाजपा नेता और कार्यकर्ता एक मामले में मुचलका पाबंद करने के मामले को लेकर विरोध करने पहुंचे थे। विवाद का निस्तारण न होने पर मझोला थाना पुलिस ने मुचलका पाबंद की रिपोर्ट एसीएम द्वितीय जगमोहन गुप्ता की कोर्ट में भेजी थी। इसी विराेध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो के महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक चौबे के साथ अन्य कार्यकर्ताओं ने थाने में हंगामा किया था,और थाना प्रभारी जीत सिंह को चेतावनी देते हुए उनकी टेबल पर फाइल पटक दी थी। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। घटना के अगले दिन आठ सितंबर को मझोला थाना प्रभारी जीत सिंह की तहरीर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मझोला थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच कर प्रदर्शन कर रहे लोगों की पहचान की जा रही है। इसके बाद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस मामले आरोपित नेताओं के साथ संगठन के पदाधिकारियों ने भी चुप्पी साध रखी है।

chat bot
आपका साथी