BJP District President Interview : मुरादाबाद के भाजपा ज‍िलाध्‍यक्ष ने कहा-अपने कार्यों के बल पर जीत हास‍िल करेगी पार्टी

BJP District President Interview सरकार ने जो वादे किए थे उनमें से अधिकांश पूरे हो चुके हैं। इससे इतर भी बहुत से काम मुरादाबाद जनपद और मंडल में हुए हैं। जो रह गए हैं उन्हें चुनाव से पूर्व पूरा करा लिया जाएगा।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 07:14 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 07:14 AM (IST)
BJP District President Interview : मुरादाबाद के भाजपा ज‍िलाध्‍यक्ष ने कहा-अपने कार्यों के बल पर जीत हास‍िल करेगी पार्टी
सभी मिलकर पूरी ताकत से अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्य करेंगे।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। BJP District President Interview : विधानसभा चुनाव की तैयारियों लेकर सभी पार्टियां जुटी हुईं हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियां सबसे तेज चल रहीं हैं। मुरादाबाद में भारतीय जनता पार्टी के सामने जीत के लिए अनेक चुनौतियां हैं, इसलिए यहां पार्टी के आला कमान जोर अधिक दे रहे हैं। बड़े नेता लगातार दौरे कर रहे हैं। मंडल में मुख्यमंत्री भी चार सभाएं कर चुके हैं। इसके बावजूद गुटबाजी, टिकट को लेकर दावेदारी सहित अनेक समस्याएं पार्टी के सामने खड़ी हो रहीं हैं। इन सभी मुद्दों पर दैनिक जागरण ने जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान से बातचीत की। प्रस्‍तुत हैं प्रमुख अंश...

प्रश्न : मुरादाबाद मंडल को सपा का गढ़ माना जा रहा है। ऐसे में मुरादाबाद में जीत दर्ज करने लिए पार्टी की ओर से क्या तैयारी की जा रही है?

उत्तर : पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है। बूथ स्तर तक कमेटी बनाई जा चुकी है। सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिला। सरकार की ओर से चलाई गई योजनाओं के बारे में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लगातार काम कर रहे हैं। वहीं, अन्य दल अपनी कमेटियां बनाने में जुटे हुए हैं। सरकार ने महीने में दो बार राशन दिया है। सरकार ने गरीबों को मकान बनवाकर दिए हैं। मोदी और योगी सरकार की ओर से चलाई गई योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिला है। हम अपने कार्य के बल पर जीत दर्ज करेंगे।

प्रश्न : किसान आंदोलन के कारण किसानों में पार्टी के प्रति नाराजगी है, किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं?

उत्तर : प्रदेश सरकार ने गन्ने के 25 रुपये प्रति क्विंटल के दाम बढ़ाए हैं। इसके साथ ही बिजली के बिल पर ब्याज भी माफ किया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, उनका लाभ किसानों को मिल रहा है। किसान भी जानता है, कि उनका भला केेवल भाजपा ही कर सकती हैं, तो उनमें भी नाराजगी वाली कोई बात नहीं वे सभी पार्टी के साथ हैं।

प्रश्न : 2017 में मुरादाबाद में छह में चार में विधानसभा क्षेत्रों में हार मिली थी। इस बार जीत के लिए चुनौती और कठिन लग रही है ?

उत्तर : ऐसा कुछ नहीं है, अभी तक अन्य राजनीतिक दल कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। ठाकुरद्वारा और मंडल के अन्य जिलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में उमड़ी भीड़ ने जता दिया है, जनता फिर से भाजपा की सरकार चाहती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल में जिस प्रकार से प्रबंधन करके दिखाया, उससे विश्व के विकसित देश भी हैरान हैं। हम मुरादाबाद में सभी छह सीटें जीतेंगे।

प्रश्न : स्थानीय स्तर पर पार्टी के अंदर गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है, इससे कैसे निपटेंगे ?

उत्तर : राजनीति में सभी की अपनी महत्वाकांक्षा होती हैं, लंबे समय तक काम करने के बाद पद या टिकट की लालसा होती है, इसके लिए प्रयास किया जाना गलत भी नहीं है। लेकिन, इसे गुटबाजी नहीं कहा जा सकता। हर कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित है, पार्टी जिसे प्रत्याशी घोषित करेगी, सभी मिलकर पूरी ताकत से अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्य करेंगे।

प्रश्न : सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार और चार विधान परिषद सदस्यों को जातीय समीकरण के अनुरूप मनोनीत करने की चर्चा है। गोपाल अंजान को एमएलसी बनाए जाने से मुरादाबाद को कितना लाभ मिलेगा?उत्तर : यह सब पूर्व प्रस्तावित था। समाज के हर वर्ग को सरकार में हिस्सेदारी के तहत यह निर्णय हुए हैं। मुरादाबाद को पहले से कई पद दिए गए हैं, उनके द्वारा कराए गए कार्यों से पार्टी से लोग जुड़ेंगे। गोपाल अंजान की अपनी एक अलग ही छवि है, वह इसके हकदार थे। बाकी निर्णय जनता करेगी।

प्रश्न : प्रदेश की तुलना में मुरादाबाद योजनाओं के मामले में पीछे रह गया है, जो वादे किए थे, उनमें से बहुत से पूरे नहीं हुए हैं ? क्या इसके पीछे मुरादाबाद की राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है ?

उत्तर : सरकार ने जो वादे किए थे, उनमें से अधिकांश पूरे हो चुके हैं। इससे इतर भी बहुत से काम मुरादाबाद जनपद और मंडल में हुए हैं। जो रह गए हैं, उन्हें चुनाव से पूर्व पूरा करा लिया जाएगा। सभी जनप्रतिनिधियों अपने क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य करने के साथ अधिक से अधिक से कार्य कराने के लिए पूरे प्रयास किए हैं और जारी हैं। मुरादाबाद दौरे से लौटते समय भी मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर वार्ता हुई थी, उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया है।

प्रश्न : इस बार के चुनाव में मुरादाबाद में सबसे बड़ी चुनौती किसे मानते हैं ?

उत्तर : पार्टी चुनाव में अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है। मुरादाबाद में हर वर्ग को योजनाओं का लाभ दिया गया है। इन योजनाओं में मुस्लिम वर्ग को सर्वाधिक लाभ मिला है। वैसे तो हर चुनाव एक चुनाैती है। लेकिन, पंचायत चुनाव में जिस प्रकार का पार्टी का प्रदर्शन रहा है, ऐसे में हमें नहीं लगता कि पार्टी के सामने कोई कोई परेशानी होगी।

chat bot
आपका साथी