Attack on Police Team : छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, दारोगा और तीन पुलिस कर्मी घायल

Attack on Police Team घायल हुए दरोगा और पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस मामले में 11 नामजद आरोपितों के साथ ही 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 07:47 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 07:47 AM (IST)
Attack on Police Team : छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, दारोगा और तीन पुलिस कर्मी घायल
मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर में देर रात हुई घटना।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Attack on Police Team : छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई मझोला थाने की पुलिस टीम पर गुरुवार देर रात हमला कर दिया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपित के समर्थक लाठी-डंडे के साथ पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना के दौरान एक दारोगा और तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। इस दौरान पुलिस ने पत्थर फेंक रहे लोगों को लाठियां पटककर दौड़ाया गया। घायल हुए दरोगा और पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इस मामले में 11 नामजद आरोपितों के साथ ही 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने देर रात सात हमलावरों को गिरफ्तार करके चालान की कार्रवाई की।

मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर निवासी सतेंद्र के खिलाफ एक किशोरी ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वह फरार चल रहा था। पुलिस को गुरुवार रात उसके घर पर होने की सूचना मिली। जिसके बाद मझोला थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए कांशीराम नगर गई थी। कांशीराम नगर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, कांस्टेबल संजीव, सुमित व निखिल आरोपित के घर जाकर उसे बुलाया। पुलिस को देखते ही आरोपित सतेंद्र ने आसपास रहने वाले अपने साथियों को बुला लिया। जैसे ही पुलिस सतेंद्र को पकड़कर जाने लगी, वैसे वहां मौजूद उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों के साथ ही हमलावरों ने पहले मारपीट की, इसके बाद पथराव करने लगे। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने इधर-उधर भागकर खुद को बचाने के साथ ही कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। पत्थरबाजी में घायल दारोगा व तीन पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। मझोला थाना पुलिस ने कांशीराम नगर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की तहरीर पर मुख्य आरोपित सतेंद्र के साथ परविंद्र, तुषार, अंशू, डोरीलाल, विशाल ठाकुर, राजबाला, निधि, मनोज, शकील, रोहित, संदेश, राहुल को नामजद करते हुए 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की। देर रात ही पुलिस सात नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर चालान करने की कार्रवाई की। मझोला थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही भागे गए आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी