Assembly Election 2022 : मुरादाबाद की छह सीटों पर कांग्रेस के 30 दावेदार, जिलाध्यक्ष को दिया आवेदन
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव मिशन 2022 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को मुरादाबाद की छह विधानसभा सीटों के लिए 30 दावेदारों ने जिलाध्यक्ष को आवेदन दे दिया। ठाकुरद्वारा विधानसभासीट से चौधरी परिवार के सदस्य ने टिकट के लिए अर्जी दे दी है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव मिशन 2022 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को मुरादाबाद की छह विधानसभा सीटों के लिए 30 दावेदारों ने जिलाध्यक्ष को आवेदन दे दिया। शहर विधानसभा सीट पर तीन पूर्व जिला अध्यक्षों और एक पूर्व महानगर अध्यक्ष समेत कई लोगों ने दावा ठोक दिया है। दावेदारों में कई ब्राहम्ण नेता भी शामिल हैं।
ठाकुरद्वारा विधानसभा से चौधरी परिवार के सदस्य ने टिकट के लिए अर्जी दे दी है। तीन अगस्त को कांग्रेस में दावेदारों की लखनऊ में स्क्रीनिंग होगी। जिला कांग्रेस के गुरहट्टी कार्यालय पर टिकट के दावेदारों की भीड़ रही। शहर सीट पर पहली बार मुस्लिम नेताओं ने कम दावेदारी की है। लेकिन, हिंदू उम्मीदवार ज्यादा हैं। इनमें भी कई ब्राहम्ण नेता हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष के अलावा एक अन्य सीनियर पदाधिकारी भी दावेदारों में शामिल हैं। आधा शहर देहात विधानसभा का हिस्सा है। इस मुस्लिम बाहुल्य सीट पर कई सक्रिय पदाधिकारी व फ्रंटल संगठन से जुड़े मुस्लिम नेता दावेदारी कर रहे हैं। कुंदरकी विधानसभा से चार दावेदारों ने नाम सामने हैं। इनमें एक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े युवा नेता हैं। एक अधिवक्ता भी यहां से टिकट मांग रहे हैं। बिलारी में संगठन से जुड़े नेताओं ने ही टिकट के लिए दावेदारी की है। ठाकुरद्वारा सीट पर चौधरी परिवार के सदस्य ने दावेदारी कर दी है। इनके अलावा भी कई लोगों ने टिकट के लिए आवेदन दिया है। कांठ विधानसभा से भी टिकट मांगने वाले कांग्रेस के कई नेता हैं। दिन भर कांग्रेस के जिला कार्यालय पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। कई दावेदार तो एक साथ ही जिलाध्यक्ष से मिलने के लिए पहुंच गए। उन्होंने टिकट के लिए दावेदारी को अपना आवेदन भी जिलाध्यक्ष को सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को भी कुछ आवेदन आ सकते हैं। आवेदन करने वाले सभी नेताओं से प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सीधे बात करेंगे। इसके बाद आगे नाम बढ़ाए जाने हैं। आवेदन लेने के दौरान जिलाध्यक्ष के साथ प्रवक्ता सुधीर पाठक, सगीर सईद खां, अफजल साबरी, राहत खां, फिरोज अनवर,वसीम अहमद, अतीक अंसारी,मोहतशीम मुख्तार,अफसर अंसारी, गंगाराम शर्मा, कल्पना सिंह समेत अन्य कई नेता मौजूद रहे।