ब‍िना मास्‍क लगाए बरात लेकर न‍िकले थे दूल्‍हे राजा, एंटी रोमियो टीम ने काटा चालान, क‍िया जागरूक

मुरादाबाद मंडल में लगातार कोरोना का प्रसार बढ़ रहा है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। अमरोहा में एक दूल्‍हा ब‍िना मास्‍क लगाए ही बरात लेकर जा रहा था। इस पर उसका चालान काटा गया और बरात‍ियों को जागरूक भी क‍िया गया।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 03:11 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 03:11 PM (IST)
ब‍िना मास्‍क लगाए बरात लेकर न‍िकले थे दूल्‍हे राजा, एंटी रोमियो टीम ने काटा चालान, क‍िया जागरूक
गजरौला में बिना मास्क लगाए बारात ले जाने पर दूल्हे का कटा चालान।

मुरादाबाद, जेएनएन। मंडल के अमरोहा में बिना मास्क लगाए बरात ले जाना एक दूल्हे को महंगा पड़ गया। दूल्‍हे ने खुद भी मास्‍क नहीं लगाया था। कई बराती भी ब‍िना मास्‍क के नजर आ रहे थे। इस दौरान चेकिंग के दौरान एंटी रोमियो टीम की दो महिला पुलिस कर्मियों दूल्‍हे की कार रोक ली। इसके बाद मास्‍क न लगाने पर चालान काट द‍िया। इसके बाद जागरूक भी क‍िया। इससे आसपास में खड़े लोग भी भौचक रह गए।

मामला इंदिरा चौक का है। दरअसल एक दूल्हा अपनी सजी हुई कार में सवार होकर बरात ले जाने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान चौक पर एंटी रोमियो टीम की सदस्य जुगली और ऊषा चौहान ज‍िन लोगों ने मास्‍क नहीं पहन रखे थे उनके चालान काट रहीं थीं। जैसे ही बिना मास्क लगाए दूल्हे पर उनकी नजर पहुंची तो उन्होंने दूल्हे को रोक लिया। मास्क के बारे में पूछा तो दूल्हा अभी लगाने की बात कहने लगा। इस पर दोनों महिला पुलिस कर्मियों ने बढ़ते कोरोना संक्रमण के बारे में बताते हुए उन्‍हें जागरूक किया और फिर दोबारा ऐसी गलती न करने की ह‍िदायत दी। इसके बाद दूल्हे का चालान भी काट दिया। इस दौरान आसपास के लोग भी चौंक गए। एसएसआइ प्रमोद पाठक ने बताया कि महिला पुलिस कर्मियों द्वारा बिना मास्क लगाए दूल्हे का चालान काटा गया है। उनके अलावा भी कई लोगों के चालान कटे हैं। 

chat bot
आपका साथी