मुरादाबाद में आज कृषि विधेयक बिल के विरोध में किसान करेंगे चक्का जाम

अपने हक के लिए किसान लगातार आवाज उठाते रहे हैं बावजूद इसके उनकी बहुत सारी मांगों पर अभी भी विचार नहीं किया गया है। अब एक बार फ‍िर से किसान आवाज उठा रहे हैं। इसके तहत जिले की सभी तहसीलों और ब्लाक क्षेत्र में आज चक्का जाम रहेगा।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Fri, 25 Sep 2020 08:33 AM (IST) Updated:Fri, 25 Sep 2020 08:33 AM (IST)
मुरादाबाद में आज कृषि विधेयक बिल के विरोध में किसान करेंगे चक्का जाम
कृषि विधेयक बिल के विरोध में आज सड़कों पर उतरेंगे किसान।

मुरादाबाद। कृषि विधेयक बिल के विरोध में शुक्रवार को किसान जिलेभर में चक्का जाम करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के दोनों गुटों ने अपने क्षेत्र में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, बाईपास, ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों को जाम करने की योजना बनाई है। किसान विधेयक में न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर एजेंसी व व्यापारी फसलों का दाम ना लगाएं यह जोड़ने की मांग की जा रही है।

शुक्रवार को भारतीय किसान असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह के नेतृत्व में रजबपुर अमरोहा में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम होगा। वहीं इस गुट के किसान अपने-अपने क्षेत्रों में बिलारी, कुंदरकी, कांठ, छजलेट मूंढापांडे,ठाकुरद्वारा समेत जिलेभर में चक्का जाम करेंगे। इधर, भारतीय किसान यूनियन के दूसरे गुट के मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह रंधावा के नेतृत्व में पूरे मंडल में चक्का जाम होगा। इनके गुट से जुड़े किसान मोढ़ा तैईया, छजलेट, मूंढापांडे, बिलारी, ठाकुरद्वारा, कुंदरकी, अगवानपुर में चक्का जाम करेंगे। भाकियू असली के महासचिव चौधरी महक सिंह ने बताया कि डॉ स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सीटू फार्मूले में 50 फीसद मुनाफा जोड़कर फसलों के भाव तय करने की मांग कर रहे हैं। सीटू फार्मूले के विपरीत जाकर फसल की खरीदारी अपराध घोषित हो। अन्यथा निजी व्यापारी और एजेंसियां किसान की फसल को औने पौने दामों में खरीदकर शोषण करेंगी।

chat bot
आपका साथी