अमरोहा जिला अस्पताल में भर्ती चोरी का आरोपित पुलिस हिरासत से फरार, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल, आरोपित ने हथकड़ी कैसे खोली

अस्थाई जेल बुढ़नपुर में बंद चोरी का आरोपित बीमारी का बहाना बनाकर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया। भर्ती होने के दो घंटे के बाद ही वह हथकड़ी से हाथ निकाल कर फरार हो गया। बंदी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

By Samanvay PandeyEdited By: Publish:Thu, 01 Apr 2021 07:00 PM (IST) Updated:Thu, 01 Apr 2021 07:00 PM (IST)
अमरोहा जिला अस्पताल में भर्ती चोरी का आरोपित पुलिस हिरासत से फरार, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल, आरोपित ने हथकड़ी कैसे खोली
बीती 28 मार्च को पुलिस ने भेजा था जेल, एसपी ने आरोपित की तलाश में चार टीम गठित कीं।

मुरादाबाद, जेएनएन। अस्थाई जेल बुढ़नपुर में बंद चोरी का आरोपित बीमारी का बहाना बनाकर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया। भर्ती होने के दो घंटे के बाद ही वह हथकड़ी से हाथ निकाल कर फरार हो गया। बंदी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सुनीति ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चार टीम का गठन कर उसकी तलाश शुरू करा दी है।

27 मार्च की रात को मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव चुचैला कलां में ग्रामीणों ने जंगल में ट्यूबवेल से स्टार्टर चोरी करते हुए एक युवक को पकड़ा था। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोपित ने अपना नाम हुकम सिंह निवासी गांव नवाबपुर भूड़ थाना मंडी धनौरा बताया था। धनौरा पुलिस ने हुकम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे 28 मार्च को जेल भेज दिया था। फिलहाल वह बुढ़नपुर स्थित अस्थाई जेल में बंद था। गुरुवार को उसने पेट में दर्द की शिकायत की थी। जिस पर उसे अस्थाई जेल से जिला अस्पताल में बने बंदी वार्ड में भर्ती करा कर उपचार शुरू करा दिया गया था। उसकी सुरक्षा में एसआइ जवाहर सिंह व सिपाही अविनाश कुमार तैनात थे। बताते हैं कि आरोपित बार-बार शौचालय जा रहा था। भर्ती होने के लगभग दो घंटे बाद दारोगा जवाहर सिंह किसी काम से वार्ड से निकल गए। जबकि सिपाही अविनाश भी शौचालय चला गया। मौका पाकर हुकम सिंह हाथ से हथकड़ी निकाल कर फरार हो गया। बंदी के फरार होने की सूचना से जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। काफी तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। देहात थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस मामले में एसपी सुनीति ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चार टीम का गठन किया है। एसपी ने बताया कि चार टीम आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस प्रकरण में जांच कराई जाएगी। दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी