सम्भल में भवन निर्माण के दौरान हादसा, करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत, परिवार के लोग बदहवास
मंडल के सम्भल कोतवाली क्षेत्र में करंट लगने से राजमिस्त्री झुलस गया। उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद भी स्वजन ने शव को घर लाकर गोबर में दबा दिया।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मंडल के सम्भल कोतवाली क्षेत्र में करंट लगने से राजमिस्त्री झुलस गया। उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद भी स्वजन ने शव को घर लाकर गोबर में दबा दिया, लेकिन उसके बाद भी जब सांस नहीं आई तब जाकर उन्हें यकीन हुआ कि अब उसकी मौत हो गई है। मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुहल्ला आलम सराय निवासी मुस्तकीम (40) राजमिस्त्री था। वह गांव मंडी किशन दास सराय निवासी मनाज़िर के मकान का निर्माण कर रहा था। वहां से बिजली का केबिल भी गुजर रही थी। इसमें कट था। निर्माण करते हुए मुस्तकीम का शरीर केबिल में कट वाले स्थान से टच हो गया। इससे उसे करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को घर ले आए और कई घंटे तक शव को गोबर में दबाए रखा, लेकिन जब उसे सांस नहीं आया तब उसे गोबर से बाहर निकाला।