कॉपर फैक्ट्री में चोरों का धावा,कर्मचारियों ने एक को पकड़ा, बाकी फरार
कटघर थाना क्षेत्र में फैक्ट्री से काॅपर चोरी कर रहे युवक को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। कर्मचारी के शोर मचाने पर चोर के साथ मौजूद उसके साथी फरार हो गए। फैक्ट्री मैनेजर की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ कटघर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
मुरादाबाद, जेएनएन। कटघर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री से काॅपर चोरी कर रहे युवक को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। कर्मचारी के शोर मचाने पर चोर के साथ मौजूद साथी फरार हो गए। फैक्ट्री मैनेजर की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ कटघर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
कटघर थाना क्षेत्र में पंडित नगला में फ्लोरा इंटरनेशनल के नाम से फर्म हैं। यहां पर पीतल व काॅपर की चीजें बनाई जाती है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी वैभव अग्रवाल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर के समय कंपनी के ज्यादातर कर्मचारी लंच करने के लिए गए थे, तभी कुछ अज्ञात युवक फैक्ट्री दीवार लांघकर चुपके से अंदर घुस आए थे। वह लोग काॅपर चोरी करके बोरे में भर रहे थे। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचा दिया और एक कर्मचारी ने पीछा करके चोरी करके भाग रहे एक युवक को दबोचकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर फैक्ट्री मैनेजर वैभव अग्रवाल भी मौके पर आ गए। उन्होंने कटघर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित नूरानी मस्जिद गली नंबर एक निवासी जहीर है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेजने की कार्रवाई की।