UP assembly by-election 2020: अमरोहा में मंडी समिति की नौ दुकानों में रखी जाएंगी 489 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन
प्रशासन ने नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना कराने के लिए मंडी समिति परिसर का चयन किया है। उसकी नौ दुकानों में 489 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों को रखा जाएगा। सभी दुकानों को खाली करा दिया गया है।
अमरोहा, जेएनएन। प्रशासन ने नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना कराने के लिए मंडी समिति परिसर का चयन किया है। उसकी नौ दुकानों में 489 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों को रखा जाएगा। सभी दुकानों को खाली करा दिया है। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां मंडी समिति में ही ईवीएम जमा कराएंगी। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। तीन नवंबर को विस क्षेत्र के लिए वोटिंग का कार्य होगा। जिसको शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दो नवंबर को मंडी समिति परिसर से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इसी परिसर में मतगणना का कार्य भी होगा। जिसके लिए प्रशासन दुकानों को खाली करा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी मंडी समिति में ही होगी। यहीं पर खाली कराई गई दुकानों को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जिनमें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम को रखा जाएगा। दोपहर करीब एक बजे अपर जिलाधिकारी मतगणनास्थल पर पहुंचे। यहां पर बेरीकेडिंग व अन्य कार्य का जायजा लिया। ठेकेदार को तेजी से काम निपटाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के बाद ईवीएम को मंडी समिति परिसर में ही कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा। किसी को भी स्ट्रांग रूम के पास जाने की इजाजत नहीं होगी।