गड़बड़ा राजा गांव के खेत में संदिग्ध हाल में मृत मिला युवक

गड़बड़ा राजा गांव में गुरुवार को बबुरा माइनर के पास धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराई तो शिनाख्त अमरेश सिंह पुत्र मुन्नीलाल सिंह निवासी महुगढ़ी हलिया के रूप में हुई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 07:56 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 07:56 PM (IST)
गड़बड़ा राजा गांव के खेत में संदिग्ध हाल में मृत मिला युवक
गड़बड़ा राजा गांव के खेत में संदिग्ध हाल में मृत मिला युवक

जागरण संवाददाता, हलिया (मीरजापुर) : क्षेत्र के गड़बड़ा राजा गांव में गुरुवार को बबुरा माइनर के पास धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह ने आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराई तो शिनाख्त अमरेश सिंह पुत्र मुन्नीलाल सिंह निवासी महुगढ़ी हलिया के रूप में हुई। शव की स्थिति देखकर युवक की हत्या किए जाने की आशंका पुलिस ने जताई।

गड़बड़ा राजा गांव निवासी किसान राधेश्याम चौरसिया के खेत में गुरुवार सुबह धान की रोपाई के लिए कुछ श्रमिक गए थे। खेत में अज्ञात व्यक्ति का शव देख शोर मचाने लगे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह व प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने शव की शिनाख्त करवाई। कमला शंकर सिंह ने भी शव की शिनाख्त भाई अमरेश सिंह के रूप में की।

कमला शंकर ने बताया कि अमरेश अविवाहित और मंदबुद्धि था। कई वर्षों से मिर्गी रोग से भी पीड़ित था। बुधवार दोपहर से ही घर से गायब था, जिसकी खोजबीन की जा रही थी। मृतक काही कलर का टी शर्ट और लोवर पहने हुए था। उसके गले में गमछा लपेटा हुआ था। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। गड़बड़ा राजा गांव में धान के खेत में वह कैसे पहुंचा, इसे लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार वह मंदबुद्धि का है। उसके गले में गमछा भी लपेटा है, इससे मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

chat bot
आपका साथी