जलजमाव से मिलेगा छुटकारा, प्रयागराज से बुलाई गई टीम
राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले मीरजापुर-औराई मार्ग पर नटवां के पास जलजमाव व क्षतिग्रस्त मार्ग से जल्द छुटकारा मिलेगा। इसके लिए प्रयागराज से तकनीकी टीम बुलाई गई है। सफाई कार्य से लेकर चैंबर का ढक्कन बदलने तक का अब कार्य होगा।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले मीरजापुर-औराई मार्ग पर नटवां के पास जलजमाव व क्षतिग्रस्त मार्ग से जल्द छुटकारा मिलेगा। इसके लिए प्रयागराज से तकनीकी टीम बुलाई गई है। सफाई कार्य से लेकर चैंबर का ढक्कन बदलने तक का अब कार्य होगा।
नटवां मार्ग पर हल्की बारिश होते ही जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वहीं जल निगम की ओर से पाइपलाइन बिछाए जाने से सड़कों की हालत काफी दयनीय हो गई है। महंथ शिवाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने से नटवां मार्ग ही आवागमन का विकल्प है। यह मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। यहां जलजमाव की समस्या से काफी परेशानी हो रही थी। नगर पालिका की ओर से मार्ग दुरुस्त कराया गया और सीवरों की सफाई भी कराई गई, फिर भी जलजमाव की समस्या बनी रही।
नपा अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए प्रयागराज से विशेषज्ञों की टीम बुलाई। पिछले चार दिन से कार्य भी चल रहा है। जल्द ही जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी। प्रयागराज से आई टीम में पांच कर्मचारी व दो सुपरवाइजर हैं। सहायक अभियंता जल कल सुधीर कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्य चल रहा है। कुल 35 सीवर की सफाई की जानी है। अभी लगभग एक सप्ताह तक सफाई कार्य चलेगा। सीवरों की सफाई के बाद क्षतिग्रस्त ढक्कनों को भी बदला जाएगा। सबरी चौराहे से चिमनी तक मार्ग निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से धन निर्गत होते ही मार्ग निर्माण शुरु कराया जाएगा।