बारिश से गिरा पेड़, मकान जमींदोज तो कहीं चालक घायल

जनपद में लगातार हो रही बारिश से एक तरफ किसानों में खुशी है वहीं दूसरी तरफ लोगों को जलजमाव से परेशानी हो रही है। शनिवार को कहीं पेड़ गिरे तो कहीं चालक घायल हो गया तो किसी गांव में निकासी की व्यवस्था न होने से पानी घरों में घुसने लगा। यही नहीं कच्चे मकान भी जमींदोज हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 09:08 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 09:08 PM (IST)
बारिश से गिरा पेड़, मकान जमींदोज तो कहीं चालक घायल
बारिश से गिरा पेड़, मकान जमींदोज तो कहीं चालक घायल

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : जनपद में लगातार हो रही बारिश से एक तरफ किसानों में खुशी है, वहीं दूसरी तरफ लोगों को जलजमाव से परेशानी हो रही है। शनिवार को कहीं पेड़ गिरे तो कहीं चालक घायल हो गया तो किसी गांव में निकासी की व्यवस्था न होने से पानी घरों में घुसने लगा। यही नहीं कच्चे मकान भी जमींदोज हो गए।

भावां : मैनुपरी जिला के थाना कोर्रा के ग्राम जौराई निवासी सुरेंद्र सिंह लोध रेणुकूट से अपने ट्रक पर कबाड़ लादकर कानपुर जा रहा था। जैसे ही भावां बाजार को पास लालपुर के पास पहुंचा था कि तेज बरसात होने के चलते एक पेड़ जड़ से उखड़ कर ट्रक पर जा गिरा। चालक आंशिक रूप से घायल हो गया। साथ ही मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग घंटों जाम रहा। मड़िहान थाना प्रभारी राज कुमार सिंह ने जेसीबी की मदद से पेड़ को कटवा कर सड़क से हटवाया तब जाकर आवागमन चालू हो सका। कच्च मकान जमींदोज, मलबे में नष्ट गृहस्थी

जमालपुर : क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी प्रेमा देवी अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहती हैं। इनके पति की मृत्यु चुकी है। शुक्रवार की रात से शुरू हुई बरसात से कच्चा मकान भर-भराकर जमींदोज हो गया। मकान में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हालांकि घटना के समय परिवार के सदस्य उस घर में नहीं थे, बल्कि दूसरे कमरे में थे।

घरों में घुसा पानी, एसडीएम से लगाई मदद की गुहार

मड़िहान : कस्बा स्थित एक विवादित नाली की वजह से पूरे कस्बा वासियों के घरों में पानी घुसने लगा। इसके कारण रातभर लोगों को रतजगा करना पड़ा। वही दो दर्जन से अधिक लोग थाना पर पहुंच कर अपनी फरियाद की, हालांकि रात होने के कारण उन्हें सहायता नहीं मिल पाई। शनिवार को एसडीएम जंग बहादुर यादव से आपबीती बताई और कहा कि घरों में लगातार पानी घुसने के कारण मकान जमींदोज हो जाएंगा। एसडीएम द्वारा तत्काल निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया।

जमकर हुई बरसात, सड़क तालाब में तब्दील

कछवां : क्षेत्र के कछवां चौराहा स्थित पुलिस बूथ से लेकर इलाहाबाद इंडियन बैंक तिराहा, मंगरवारी और शंकरपुर वार्ड में बारिश के चलते सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो गई है। सड़क के दोनों तरफ नगर पंचायत द्वारा बनी पक्की नाली ढका होने के कारण परेशानी हो रही है। नगर के अरविद जैन, विजय कुमार गुप्ता, रामसिंह पटेल, किसान बिद आदि पानी निकासी की व्यवस्था कराने के लिए मांग की है। ईओ नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मार्ग का सर्वे कर बहुत जल्दी हल निकाला जाएगा।

नालियां जाम, लोग परेशान

पटेहरा : क्षेत्र के पटेहरा खास बस्ती में नाली जाम होने से अनुसूचित बस्ती में बारिश का पानी घरों में घुस गया। बस्ती के लोग अपना सामान सुरक्षित करने में लगे रहे फिर भी अधिकांश खाद्य सामग्री भीग गई। घर भी दरकने का भय लोगों को सताने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी बस्ती में नहीं दिखते है, जिसके चलते परेशानी हो रही है। कहा कि ऐसे माहौल में रात कहा बिताए कैसे पेट की आग बुझेगी।

chat bot
आपका साथी