सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डालने पर सपा नेता का चालान

कानपुर मुठभेड़ मामले में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने वाले सपा नेता को पुलिस ने आधी रात को घर से उठा लिया। शनिवार सुबह शांतिभंग में चालान करने के बाद उन्हें छोड़ा गया। घटना से तिलमिलाए सपाईयों ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Jul 2020 06:16 PM (IST) Updated:Sat, 04 Jul 2020 11:46 PM (IST)
सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डालने पर सपा नेता का चालान
सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डालने पर सपा नेता का चालान

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : कानपुर मुठभेड़ मामले में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट डालने वाले सपा नेता को पुलिस ने आधी रात को घर से उठा लिया। शनिवार सुबह शांतिभंग में चालान करने के बाद उन्हें छोड़ा गया। घटना से तिलमिलाए सपाइयों ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव अभय यादव ने शुक्रवार की रात एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें मुख्यमंत्री के साथ खड़े बुंदेलखंड के नेता विकास को कानपुर मुठभेड़ के मुख्य आरोपित विकास दूबे बताकर टिप्पणी की गई थी। देर रात मामले को संज्ञान में लेते ही पुलिस सक्रिय हो गई। देहात कोतवाली पुलिस ने अभय यादव को उनके घर खुटहा से आधी रात को ही हिरासत में ले लिया। वहीं अभय यादव का कहना था कि वह फोटो पहले से सोशल मीडिया पर वायरल थी और उन्होंने उसे शेयर किया था। हालांकि शनिवार सुबह उन्हें शांति भंग में चालान के बाद छोड़ा गया।

सपाइयों ने किया विरोध प्रदर्शन

सपा के युवा नेता व केबीपीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष आकाश यादव ने घटना के विरोध में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक भी सौंपा। सपाइयों ने पत्रक के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया व प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। आकाश यादव ने कहा कि जब प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं तो आम लोगों का क्या हाल होगा। इस दौरान राजकुमार यादव, धीरेंद्र सिंह, जगदीश्वर राजपूत, वाहिद अली, अजय यादव, जितेंद्र बिद, प्रदीप यादव, संदीप कुमार बिद, अनुराग तिवारी आदि रहे।

chat bot
आपका साथी