विध्य कारिडोर के शिलान्यास की तैयारियां तेज, सज रहा पक्का घाट मार्ग
जागरण संवाददाता विध्याचल (मीरजापुर) विध्य कारिडोर के शिलान्यास की तैयारियां तेज हो गई
जागरण संवाददाता, विध्याचल (मीरजापुर) : विध्य कारिडोर के शिलान्यास की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरत रहा है। कहीं कोई कमी न रह जाए। पक्का घाट मार्ग को लगभग पूरी तरह सजा दिया गया है।
मलबा हटाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके लिए मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह खुद निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
एक दिन पूर्व मंडलायुक्त ने विध्याचल निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित विभागों को 27 जुलाई तक संपूर्ण तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई सुस्त गति से होने पर ईओ नगर पालिका ओमप्रकाश को फटकार लगाई थी।
सख्त निर्देश के बाद विभागीय अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय हुए और काम जोरों पर होने लगा। इससे पहले हर तरफ गंदगी ही गंदगी दिखाई पड़ रही थी। साफ-सफाई होने के बाद विध्यधाम चमकने लगा है।