बढ़ती महंगाई को लेकर सड़क पर उतरे सपाजन

बढ़ती महंगाई व चुनाव में धांधली को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। महुवरिया स्थित बीएलजे मैदान पर कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Jul 2021 07:46 PM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 10:56 PM (IST)
बढ़ती महंगाई को लेकर सड़क पर उतरे सपाजन
बढ़ती महंगाई को लेकर सड़क पर उतरे सपाजन

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : बढ़ती महंगाई व चुनाव में धांधली को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जनपद के सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। महुवरिया स्थित बीएलजे मैदान पर कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा सरकार ने धांधली कराकर लोकतंत्र की हत्या की है। साथ ही विभिन्न समस्याओं को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व यूपी सिंह व एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव के माध्यम से राष्ट्रपति को 14 सूत्रीय ज्ञापन भेजा।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने महंगाई व पंचायत चुनाव में धांधली को लेकर 15 जुलाई को प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस-प्रशासन ने कई सपा नेताओं को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। सपा जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर भी पुलिस की तैनाती कर दी गई। वहीं कुछ नेता पुलिस को चकमा देकर प्रदर्शन के लिए निकल पड़े। जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा सरकार ने धांधली कर चुनाव जीतने का काम किया है। जनता इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। प्रदर्शन के दौरान शिवशंकर सिंह यादव, अभय यादव, अशोक यादव, आशीष यादव, जवाहर लाल मौर्या आदि रहे। नजरबंद हुए कार्यकर्ता

अनगढ़ में शिवशंकर यादव, दुर्गा बाजार में मुन्नी यादव, लल्ला घाट पर दीपक मौर्या, आवास विकास में रमाशंकर कोल, जिगनौड़ी में सुभाष पटेल, अतीक खां व विध्याचल में राज मिश्र को नजरबंद कर दिया गया। कई कार्यकर्ताओं को थाने ले आई पुलिस, बाद में छोड़ा

चुनार : पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद सपाई सड़क पर उतरे। नेताओं का आरोप है कि ब्लाक प्रमुख चुनाव में शासन सत्ता का दुरुपयोग करते हुए अराजकता व धांधली की गई। पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल के नेतृत्व में पहुंचे सपाईयों ने राष्ट्रपति को संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम चुनार रोशनी यादव को सौंपा। प्रदर्शन के पूर्व सपा नेता सुनील सिंह पटेल, वंदना पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले आई, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पूर्व विधायक की अगुवाई में चुनार विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रविप्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारियों ने पीडीएनडी कालेज के पास से तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाल कर नारेबाजी की। तहसील गेट पर सीओ सुशील यादव, कोतवाल गोपाल गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह समेत बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने सभी प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस मौके पर सुनील पटेल, जिला पंचायत सदस्य पंकज उपाध्याय, संजय यादव, सुरेश पटेल आदि रहे। बीडीओ को सौंपा पत्रक

जमालपुर : सयुस कार्यकर्ताओं ने उपाध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित मांग पत्र बीडीओ को सौंपा। इस दौरान अरविद केशरी, परवेज अहमद, दीपक गुप्ता, अमित पटेल, चंद्रगुप्त बियार, गंगाराम यादव आदि थे। सभी को रास्ते में ही रोक दिया

मड़िहान : सपाइयों द्वारा तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन का आयोजन किया गया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण रास्ते में ही रोक दिए गए और महज कुछ नेता ही तहसील तक पहुंच पाए। इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से एसडीएम जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन जिला सहकारी बैंक सुरेंद्र सिंह पटेल, शैलेश सिंह आदि रहे। लालगंज बाजार में ही रोका

लालगंज : समाजवादी पार्टी छानबे विधानसभा इकाई द्वारा ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। सपा कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन के लिए तहसील मुख्यालय के लिए निकल ही रहे थे कि पुलिस ने लालगंज बाजार में उन्हें रोक लिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष चौधरी श्याम नारायण यादव, पूर्व विधायक श्रीराम भारती, जुम्मन खान, सोकिम अहमद, कीर्ति कोल, अशोक मिश्रा आदि रहे।

chat bot
आपका साथी