अनूठे भागीरथ प्रयास से जीवंत हुई कर्णावती नदी

कर लो अपने मन में निश्चय करना है जल का संचय। दृढ़ निश्चय करन

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 06:49 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 06:49 PM (IST)
अनूठे भागीरथ प्रयास से जीवंत हुई कर्णावती नदी
अनूठे भागीरथ प्रयास से जीवंत हुई कर्णावती नदी

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : कर लो अपने मन में निश्चय, करना है जल का संचय। दृढ़ निश्चय करने से निश्चित ही सफलता मिलती है। तत्कालीन जिलाधिकारी (आइएएस) अनुराग पटेल व सीडीओ (आइएएस) प्रियंका निरंजन ने जन सहयोग से विध्य क्षेत्र में अनूठा व भागीरथ प्रयास किया। उनके दृढ़ निश्चय से छानबे ब्लाक के 19 ग्राम पंचायतों में बहने वाली लगभग 24 किमी लंबी कर्णावती नदी एक बार जीवंत हो सकी। मनरेगा योजना के तहत लगभग 41.34 लाख खर्च करके 33703 मनरेगा श्रमिकों के अथक प्रयास व जन सहयोग के चलते छानबे क्षेत्र में लगभग 3.5 किमी नदी का जीर्णाेद्धार हुआ, इससे जल स्तर में काफी सुधार आया है।

तत्कालीन डीएम व सीडीओ ने मनरेगा योजना संग ग्रामीणों के जन सहयोग से जीर्णाेद्धार कराकर कर्णावती नदी की दशा को सुधारने में सफलता अर्जित की। नदी छानबे ब्लाक के चितौली, कुशहा, बघेड़ा कला, विहसड़ा खुर्द, कोलाही, धौरहरा, विजयपुर, गैपुरा, भटेवरा, भाऊसिंह का पूरा सहित 19 गावों से होकर गुजरती है। छानबे क्षेत्र में लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुकी कर्णावती नदी को पुनर्जीवित करने के लिए वर्ष 2019 में आइएएस ने एक अभियान चलाकर नदी को साफ कराया। इसके लिए नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, डीएम, सीडीओ, डीसी मनरेगा मो. नफीस सभी ने फावड़ा चलाया। महीनों चले महाअभियान में सैकड़ों ग्रामीण भी स्वयं हिस्सा बने। कभी कर्णावती नदी के किनारे बसने वाले 19 गांवों के जीवनयापन का एकमात्र साधन थी, लेकिन बरसात कम होने के कारण धीरे-धीरे इसका स्वरूप समाप्त हो चला था। अभियान से कर्णावती नदी की स्थिति संग जल स्तर में काफी सुधार हुआ है। प्रयास के चलते गंगा की सहायक कर्णावती नदी को पुनर्जीवित करने को लेकर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुका है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने मीरजापुर को नार्थ जोन में तीसरा पुरस्कार दिया। यह पुरस्कार नदियों के पुनर्जीवन श्रेणी में दिया गया है। जल संरक्षण के लिए 665

तालाबों का हो चुका जीर्णाेद्धार

जल संचयन के लिए तत्कालीन डीएम अनुराग पटेल व सीडीओ प्रियंका निरंजन के प्रयासों के चलते जनपद जनपद के 809 ग्राम पंचायतों में पहले चरण में 506, दूसरे चरण में 159 तालाबों की खुदाई व सफाई कराकर जीर्णोद्धार कराया था। निवर्तमान डीएम सुशील कुमार पटेल और सीडीओ अविनाश सिंह ने भी जल संरक्षण के अभियान को आगे बढ़ाते हुए लगभग 250 तालाबों की साफ-सफाई कराया। इनफो

नदी : कर्णावती

ब्लाक : छानबे

लंबाई : 24 किमी

सफाई : 3.5 किमी

खर्च : 41.34 लाख

मनरेगा श्रमिक : 33703

ग्राम पंचायतों से गुजरती है नदी : 19

जीर्णाेद्धार वर्ष : 2019

तत्कालीन जिलाधिकारी : अनुराग पटेल

तत्कालीन सीडीओ : प्रियंका निरंजन

डीसी मनरेगा : मो. नफीस

पुरस्कार : केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने मीरजापुर को नार्थ जोन में तीसरा पुरस्कार

श्रेणी : नदी के पुर्नजीवन श्रेणी

chat bot
आपका साथी