रकबे के सत्यापन के लिए तहसीलों में नहीं भटकेंगे किसान

किसानों को क्रय केंद्र पर बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन में दर्ज धान की मात्रा का रकबे के आधार पर सत्यापन के लिए अब तहसीलों में नहीं भटकना पड़ेगा। धान क्रय केंद्रों पर क्षेत्रीय लेखपालों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 11:04 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 11:04 PM (IST)
रकबे के सत्यापन के लिए तहसीलों में नहीं भटकेंगे किसान
रकबे के सत्यापन के लिए तहसीलों में नहीं भटकेंगे किसान

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : किसानों को क्रय केंद्र पर बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन में दर्ज धान की मात्रा का रकबे के आधार पर सत्यापन के लिए अब तहसीलों में नहीं भटकना पड़ेगा। धान क्रय केंद्रों पर क्षेत्रीय लेखपालों की ड्यूटी लगाई जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 से नई शुरुआत की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) शिव प्रताप शुक्ल ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील के क्रय केंद्रों पर लेखपालों की तैनाती का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने आगामी एक नवंबर से धान खरीद के लिए 54 क्रय केंद्रों की स्वीकृति प्रदान की है। तहसीलवार सदर में 12, लालगंज में 13, मड़िहान में आठ और चुनार में 21 क्रय केंद्रों को खोलने की स्वीकृति मिली है। पारदर्शी तरीके से धान खरीद के लिए किसान की भूमि व धान के बोए गए रकबे का सत्यापन राजस्व विभाग की भूलेख संबंधी वेबसाइट से लिकेज देकर आनलाइन कराया जाएगा। सत्यापन के लिए उप जिलाधिकारियों को खाद्य विभाग के पोर्टल पर गत वर्ष की भांति ही लागइन की सुविधा प्रदान की गई है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि किसान की ओर से बेचे गए धान की मात्रा का संगत भूलेख के आधार पर संबंधित उप जिलाधिकारी द्वारा आनलाइन सत्यापन, डिजिटल हस्ताक्षर से किया जाएगा। किसी किसान द्वारा अपना पंजीकरण अधिकतम 100 क्विंटल धान की बिक्री के लिए किया गया है तो वह आनलाइन सत्यापन से मुक्त रहेगा। लेकिन चकबंदी के तहत गांवों के किसान का धान चकबंदी संबंधी संगत कागजातों के आधार पर डिजिटल हस्ताक्षर से शतप्रतिशत आनलाइन सत्यापन संबंधित एसडीएम द्वारा करने के बाद खरीदा जाएगा। किसान धान खरीद नियंत्रण प्रकोष्ठ में दर्ज करा सकते हैं शिकायत

धान खरीद में की गई शिकायतों के प्रभावी अनुश्रवण व निस्तारण के लिए धान खरीद नियंत्रण प्रकोष्ठ की स्थापना जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय पथरहिया में की गई है। एडीएम शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि रविवार व राजपत्रित अवकाशों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 से शाम छह बजे तक क्रियाशील रहेगा। किसान 7839565086 अथवा 05442 245051 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रकोष्ठ में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक विमल कुमार, दोपहर 12 से तीन बजे तक प्रशांत त्रिपाठी और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक सतीशचंद्र मिश्रा को तैनात किया गया है।

-----------------------

शासन की मंशानुरुप किसानों से पारदर्शी व सरलता से धान खरीद की व्यवस्था की जा रही है। रकबे के सत्यापन के लिए क्रय केंद्र पर ही लेखपाल तैनात रहेंगे। किसानों की समस्याओं के प्रभावी व त्वरित निस्तारण के लिए धान खरीद नियंत्रण प्रकोष्ठ की स्थापना की गई है।

- शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम (वित्त व राजस्व), धान खरीद अधिकारी।

chat bot
आपका साथी